वियतनाम पीपल्‍स आर्मी के साथ 1 अगस्‍त से चंडीमंदिर में संयुक्त सैनिक अभ्यास “एक्‍स विनबैक्‍स 2022” होगा

वियतनाम भारत द्विपक्षीय सैनिक अभ्यास का तीसरा संस्करण “एक्स विनबैक्‍स 2022” 01 अगस्‍त से 20 अगस्त 2022 तक चंडीमंदिर में होगा। यह सैनिक अभ्यास 2019 में वियतनाम में हुए पहले द्विपक्षीय सैनिक अभ्यास की अगली कड़ी है और भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक प्रमुख घटना है। भारत और वियतनाम एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं और रक्षा सहयोग इस साझेदारी का एक प्रमुख स्तंभ है। वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट नीति और इंडो-पैसिफिक विजन में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।

एक्‍स विनबैक्‍स – 2022 का विषय शांति सेनाओं के संचालन के लिए संयुक्त राष्ट्र दल के हिस्से के रूप में एक इंजीनियर कंपनी और एक मेडिकल टीम की नियुक्ति और तैनाती है। भारत के पास संयुक्त राष्ट्र मिशनों में सैनिकों की तैनाती की एक समृद्ध विरासत है और इसके पास सर्वश्रेष्‍ठ कार्य प्रणाली और व्यावहारिक अनुभव को शामिल करते हुए सुनियोजित, परिचालन संबंधी और रणनीतिक स्तरों पर संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों को सर्वोत्तम अभ्यास प्रदान करने की कुछ बेहतरीन क्षमताएं हैं।

यह भी पढ़ें :   भारतीय संस्कृति ने योग के माध्यम से विश्व स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है: डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय

द्विपक्षीय अभ्यास के पिछले संस्करणों के बढ़े हुए दायरे के साथ एक फील्ड प्रशिक्षण अभ्यास के रूप में एक्‍स विनबैक्‍स – 2022 का संचालन आपसी विश्वास, पारस्‍परिकता को मजबूत करेगा और भारतीय सेना और वियतनाम पीपल्स आर्मी के बीच सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को साझा करने में सक्षम करेगा। संयुक्त सैनिक अभ्यास दोनों टुकड़ियों के सैनिकों को एक-दूसरे की सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में जानने का अवसर प्रदान करेगा। भारतीय सेना का प्रतिनिधित्व 105 इंजीनियर रेजिमेंट के सैनिकों द्वारा किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें :   प्रधानमंत्री ने मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा के लोगों को उनके स्थापना दिवस पर बधाई दी

48 घंटे का वैलीडेशन सैनिक अभ्यास संयुक्त राष्ट्र मिशनों में समान परिस्थितियों के अंतर्गत तकनीकी सैन्य अभियानों को अमल में लाते समय दोनों टुकडि़यों द्वारा प्राप्त मानकों का आकलन करने के लिए निर्धारित कार्यक्रम का हिस्सा है। यह एक मानवीय सहायता और आपदा राहत प्रदर्शन और उपकरण प्रदर्शन स्वदेशी समाधानों का उपयोग करते हुए प्राकृतिक और मानव निर्मित आपदाओं के दौरान बचाव और राहत कार्यों को शुरू करने की भारत की क्षमता का प्रदर्शन करेगा।

एमजी/एएम/केपी