केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति इरानी गुजरात के केवड़िया में राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगी

यह सम्मेलन सुपोषित भारत के हमारे लक्ष्य को सुदृढ़ करेगा, जिसे केवल केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से ही प्राप्त किया जा सकता है।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति इरानी राष्ट्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगी, जिसमें महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री डॉ. महेंद्रभाई मुंजापारा भी भाग लेंगे। सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के महिला एवं बाल विकास मंत्री और राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के समाज कल्याण विभागों के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव भाग लेंगे।

मुख्य कार्यक्रम 31 अगस्त, 2021 को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भारत के लौह पुरुष, महान दूरदर्शी, सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि के साथ शुरू होगा। इसके बाद, प्रत्येक राज्य के पोषक पौधों का रोपण – राज्यों के महिला एवं बाल विकास मंत्रियों द्वारा किया जाएगा। यह पौधा रोपण का कार्य ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का प्रतिनिधित्व करेगा। इससे देश भर में पोषण वाटिका/पोषक उद्यानों के रोपण को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें :   'इनवेस्ट कर्नाटक 2022 वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग' के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती स्मृति जुबिन इरानी पूरे भारत में महिलाओं और बच्चों के भविष्य के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा करते हुए दिन में बाद में मुख्य भाषण देंगी। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में राज्य मंत्री डॉ. मुंजापारा महेंद्रभाई भी सभा को संबोधित करेंगे।

सम्मेलन राज्यों/ केंद्र शासित प्रदेशों की चुनौतियों और अपेक्षाओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए तीन मिशनों में से प्रत्येक की प्रस्तुतियों पर केंद्रित होगा। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा इन प्रस्तुतियों में से प्रत्येक के बाद राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिनिधियों के साथ एक फीडबैक और संवाद सत्र का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, एनसीपीसीआर और एनसीडब्ल्यू के अध्यक्ष जो बाल अधिकारों और महिला सशक्तिकरण पर बड़े पैमाने पर काम कर रहे हैं, उन्हें भी प्रमुख मुद्दों पर अपनी राय साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया है।

यह भी पढ़ें :   कोविड-19 टीकाकरण अपडेट- 509वां दिन

सम्मेलन में महिलाओं और बच्चों से संबंधित वैश्विक सूचकांकों पर एक प्रस्तुति भी दी जाएगी।

राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ सम्मेलन हमारे संघीय ढांचे की सच्ची भावना को दर्शाता है और इसका परिणाम देश की महिलाओं और बच्चों के विकास और कल्याण के लिए समन्वित और सम्मिलित प्रयासों से सामने आएगा।

****

एमजी/एएम/एमकेएस/डीए