ऑयल इंडिया ने पद्मश्री-2021 से सम्‍मानित अपनी अधिकारी मौमा दास को सम्मानित किया

राष्ट्रीय स्तर पर अन्वेषण व उत्पादन से जुड़ी भारत की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी, ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने टेबल टेनिस की जानी-मानी खिलाड़ी व अपनी अधिकारी मौमा दास को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए पद्मश्री अलंकरण से सम्‍मानित किये जाने पर कल नोएडा स्थित अपने कॉरपोरेट कार्यालय में उनका सम्मान किया। मौमा दास को खेल के क्षेत्र में उनकी असाधारण और विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति द्वारा पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किया गया है।

ओआईएल के सीएमडी श्री एस.सी. मिश्रा ने मौमा दास को सम्मानित किया। इस अवसर पर ओआईएल के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे। इस अवसर पर श्री मिश्रा ने सुश्री दास को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई दी और उनको 6 लाख रुपये का एक चेक भी प्रदान किया।

यह भी पढ़ें :   माननीय मुख्यमंत्री श्री जगन मोहन रेड्डी ने आईएनएस विशाखापत्तनम को औपचारिक रूप से भाग्य के शहर- विशाखापत्तनम को समर्पित किया

सुश्री दास 1999 से ओआईएल में कार्यरत हैं और वर्तमान में वह ओआईएल के कोलकाता स्थित कार्यालय में प्रबंधक (ओएसडी) के पद पर सेवारत हैं। सुश्री दास को टेबल टेनिस में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 2013 में अर्जुन पुरस्कार भी प्रदान किया गया था।

मौमा दास एक भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2004 में एथेंस और 2016 में रियो ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेलों, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप, वर्ल्‍ड चैंपियनशिप सहित कई अन्य राष्ट्रीय और अंतर्राष्‍ट्रीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में 5 और कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में 14 पदकों सहित 19 राष्ट्रमंडल पदक जीते हैं, जोकि किसी भारतीय महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी द्वारा जीते गए सबसे ज्यादा पदक हैं। उन्होंने 1997 से 17 वर्ल्‍ड चैंपियनशिप में भी हिस्सा लिया है जो कि किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का एक रिकॉर्ड है।

यह भी पढ़ें :   संस्कृति मंत्रालय के शीर्ष निकायों द्वारा इंडिया गेट पर 12 और 13 नवंबर को विविध कार्यक्रमों का आयोजन

****

एजी/एएम/पीकेजे/वाईबी