Political News : आखिर कवि कुमार विश्वास पंजाब में भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहते हैं या कांग्रेस को?

Political News : आखिर कवि कुमार विश्वास पंजाब में भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहते हैं या कांग्रेस को?
100 साल पहले अंग्रेजों ने भी सरदार भगत सिंह को आतंकवादी करार दिया था। मैं भगत सिंह की राह पर चल रहा हूं – अरविंद केजरीवाल।
============
कांग्रेस शासित राजस्थान के राज्य लोक सेवा आयोग की सदस्य डॉ. मंजू शर्मा के पति और सुप्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास पंजाब के चुनाव में भाजपा को फायदा पहुंचाना चाहते हैं या कांग्रेस को? यह सवाल इसलिए महत्वपूर्ण है कि 20 फरवरी को पंजाब में मतदान से पहले कुमार विश्वास ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चुनावी सर्वेक्षणों में पंजाब में सबसे मजबूत स्थिति केजरीवाल की पार्टी की ही है। इस स्थिति को देखते हुए कुमार विश्वास ने ऐसा बयान दिया है, जिससे केजरीवाल को भारी नुकसान हो सकता है। कुमार विश्वास का कहना है कि सात वर्ष पहले केजरीवाल ने उन्हें बताया था कि वे हर हाल में पंजाब के मुख्यमंत्री बनेंगे। केजरीवाल ने पंजाब में अलगाववादियों की गतिविधियों के संदर्भ में कहा कि मैं स्वतंत्र देश पंजाब का प्रधानमंत्री भी बन सकता हंू। सब जानते है कि कुमार विश्वास आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं। लेकिन केजरीवाल से विवाद होने के कारण सात वर्ष पहले कुमार विश्वास ने केजरीवाल की पार्टी को छोड़ दिया था। लेकिन अब सात साल बाद कुमार विश्वास केजरीवाल द्वारा कही गई बातों को सार्वजनिक कर रहे हैं। कुमार विश्वास के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के राहुल गांधी ने भी राजनीतिक प्रतिक्रिया व्यक्त की है। इन दोनों ने केजरीवाल और उनकी पार्टी को पंजाब के लिए घातक बताया है। जानकारों का मानना है कि कुमार विश्वास के ताजा बयान से भाजपा ज्यादा फायदा होगा। क्योंकि भाजपा की छवि राष्ट्रभक्ति वाली मानी जाती है। यह बात अलग है कि कांग्रेस शासित राजस्थान में कुमार विश्वास ने अपनी पत्नी को राज्य लोक सेवा आयोग का सदस्य बनवा रखा है।
मैं भगत सिंह की राह पर-केजरीवाल:
विगत दिनों कुमार विश्वास जो बयान दिया उस पर 18 फरवरी को अरविंद केजरीवाल ने सफाई दी है। केजरीवाल ने कहा कि कुमार विश्वास एक हास्य कवि है और उन्होंने बयान देकर वाकई कॉमेडी की है। लेकिन मुझे इस बात का अफसोस है कि इस कॉमेडी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी सही मान रहे हैं। मुझे आतंकवादी घोषित किया जा रहा है। मैं जानना चाहता हंू कि यदि मैं आतंकवादी हंू तो भाजपा और कांग्रेस ने मेरे विरुद्ध कार्यवाही क्यों नहीं की? मैं यदि अलगाववादियों के साथ मिलकर पंजाब को देश से अलग करने का षडय़ंत्र कर रहा था तो फिर नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री और कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब का मुख्यमंत्री रहते मेरे विरुद्ध कार्यवाही क्यों नहीं की। केजरीवाल ने कहा कि 100 वर्ष पहले अंग्रेजों ने भी हमारे स्वतंत्रता सैनानी सरदार भगत सिंह को आतंकवादी करार दिया था। मैं तो भगत सिंह का चेला हंू। भगत सिंह की राह पर चलते हुए ही भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्यवाही कर रहा हंू। चूंकि पंजाब में आम आदमी पार्टी चुनाव जीत रही है इसलिए सारे भ्रष्टाचारी एकजुट होकर हमारा विरोध कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के 3 करोड़ नागरिकों को एकजुट होकर भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाना चाहिए।