भारतीय संस्कृति ने योग के माध्यम से विश्व स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है: डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय

भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ समारोह के एक हिस्से के रूप में आज पुरी में 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 सामान्य योग प्रोटोकॉल पर आधारित सामूहिक योग प्रदर्शन के साथ मनाया गया। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्‍डेय ने योग दिवस समारोह की अध्यक्षता की।

इस अवसर पर एक सभा को संबोधित करते हुए डॉ. पाण्‍डेय ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में 27 सितंबर, 2014 को माननीय प्रधानमंत्री के संबोधन को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि योग हमारा प्राचीन, पारंपरिक और अमूल्य उपहार है। योग मन एवं शरीर की एकता, विचार और क्रिया, संयम व उपलब्धि और मनुष्य तथा प्रकृति के बीच सामंजस्य का प्रतीक है। यह स्वास्थ्य और कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण है। योग केवल व्यायाम नहीं है बल्कि स्वयं के साथ और दुनिया तथा प्रकृति के मध्य एकीकरण स्थापित करने का एक साधन है। यह हमारी जीवनशैली में बदलाव कर और हमारे बीच जागरूकता उत्पन्न करके जलवायु परिवर्तन से लड़ने में भी मददगार हो सकता है।

यह भी पढ़ें :   Rajasthan : जोधपुर में बनेगी पैरा खेल अकादमी, खेल के साथ शिक्षा की भी होगी व्यवस्था।

डॉ. पाण्‍डेय ने कहा कि आज योग विश्व स्तर पर फैल गया है तथा इसके परिणामस्वरूप भारतीय संस्कृति ने दुनिया में अपनी पहचान को और मजबूत किया है।

 

इस अवसर पर सचिव (भारी उद्योग) भी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में बीएचईएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक और बीएचईएल के निदेशकों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर भारी उद्योग मंत्रालय और बीएचईएल के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय प्रशासन एवं बड़ी संख्या में अन्य लोग तथा स्कूली बच्चे भी उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें :   केंद्र व राज्य मिलकर कर रहे हैं नागालैंड सहित पूर्वोत्तर का समग्र विकास - केंद्रीय कृषि मंत्री

भारी उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले भेल और अन्य सीपीएसई की सभी इकाइयों तथा कार्यालयों में पुरी में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में प्रतिभागियों के लिए कर्नाटक के मैसूर पैलेस से माननीय प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2022 के उपलक्ष्य में ‘मानवता के लिए योग’ विषय के तहत 75 प्रतिष्ठित स्थानों पर देशव्यापी समारोह आयोजित किए गए।

संयुक्त राष्ट्र ने योग की सार्वभौमिक अपील को स्वीकार करते हुए 11 दिसंबर 2014 को योग के अभ्यास के कई लाभों के बारे में वैश्विक जागरूकता बढ़ाने के लिए 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाये जाने की घोषणा की थी।

***

एमजी/एएम/एनके/एसएस