Indian Railways : फिर हुआ अंडर ब्रिज हादसा, खंबे से गिरकर रेलकर्मी घायल

Indian Railways : फिर हुआ अंडर ब्रिज हादसा, खंबे से गिरकर रेलकर्मी घायल
Kota Rail News : अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान रविवार को फिर एक हादसा हो गया। काम के दौरान खंभे से गिरकर एक रेल कर्मचारी घायल हो गया। कर्मचारी का इलाज निजी अस्पताल चल रहा है।
सूत्रों ने बताया कि सवाई माधोपुर रणथंबोर के पास 5 घंटे का ब्लॉक लेकर अंडर ब्रिज बनाया जा रहा था। शाम करीब 5 बजे टीआरडी विभाग का एक सीनियर तकनीशियन राम बच्चन सिंह सीढ़ियों की मदद से खंभे पर चढा हुआ था। खंभे पर राम बच्चन ब्लॉक के समय हटाए बिजली के तारों को वापस फिट कर रहा था। इसी दौरान एक मशीन गीटि्टयों को उठाकर पटरियों के किनारे रख रही थी। इस काम के दौरान मशीन अचानक बिजली के तारों (ओएचई) से टकरा गई। इस टक्कर से बिजली के तार में जोरदार झटका लगा। इस झटके से बिजली के तार से बंधा रस्सा टुट गया। रस्सा टूटते ही राम बच्चन अपना संतुलन खो बैठा। संतुलन बिगड़ने से राम बच्चन सीधा पटरियों पर आकर गिरा। यह नजारा देख मौके पर हड़कंप मच गया। साथी कर्मचारी राम बच्चन को उठाकर तुरंत निजी अस्पताल ले गए। यहां जांच कर डॉक्टरों ने राम बच्चन को भर्ती कर लिया।
बड़ा हादसा टला
राम बच्चन के कंधे और कोहनी में गंभीर चोंटे आई हैं। राम बच्चन का सिटी स्कैन और एक्स-रे आदि कराए गए हैं। फिलहाल राम बच्चन की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि गनीमत रही कि राम बच्चन सिर के बल नहीं गिरा। पटरिया और गिट्टी से सिर टकराने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
ट्रैकमैन की मौत से नहीं लिया सबक
कर्मचारियों ने बताया कि घटना के समय विभिन्न विभागों के कई अधिकारी भी मौजूद थे। लेकिन इसके बाद भी काम में लापरवाही सामने आई है।
कर्मचारियों ने बताया कि इस हादसे को देखते हुए नहीं लग रहा है कि अधिकारियों ने ट्रैकमैन वसीम की मौत से कोई सबक लिया हो।
उल्लेखनीय है कि करीब 9 महीने पहले कोटा-डकनिया स्टेशन के बीच अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान ढही मिट्टी में दबने वसीम की मौत हो गई थी। इस घटना के समय भी अधिकारी मौके पर मौजूद थे। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते वसीम की मौत हो गई। यही हादसा रणथंबोर में भी हो सकता था।
कर्मचारियों ने बताया कि प्रशासन की अनदेखी के चलते वसीम के मौत की जांच अब तक पुरी नहीं हो सकी है। उल्लेखनीय है कि फरवरी में ही जबलपुर मंडल में अंडर ब्रिज निर्माण कार्य के दौरान मिट्टी ढहने से दो इंजीनियरों की मौत हो चुकी है।
45 मिनट पिटा ब्लॉक
इस घटना के चलते ब्लॉक करीब 45 मिनट पिट गया। इसके चलते हैं ट्रेनें और अधिक लेट हो गई।
जनशताब्दी और अवध आदि कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं।
इसी दौरान बयाना-डुमरिया और चौमहला के पास भी ब्लॉक के दौरान अंडर ब्रिज निर्माण किया जाना था। लेकिन तैयारी पूरी नहीं होने के कारण अंडर ब्रिज का काम नहीं हो सका।