Indian Railways : बिना सूचना के 5 घंटे ठप किया रेल यातायात, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

Indian Railways : बिना सूचना के 5 घंटे ठप किया रेल यातायात, यात्रियों को हुई भारी परेशानी

Kota Rail News : सवाई माधोपुर-कुशतला के बीच बुधवार को अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य किया गया। इसके चलते यहां पर करीब 5 घंटे रेल यातायात ठप (ब्लॉक) रहा। ब्लॉक के चलते कई ट्रेनें घंटों रास्ते में खड़ी रहीं।
अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई ट्रेनें छोटे स्टेशनों पर अटकने से यात्री खानपान को तरस गए। समय रहते सूचना नहीं मिलने पर यात्री सफर के लिए पर्याप्त खानपान सामग्री का इंतजाम नहीं कर सके।
यात्री ट्रेन रुकने के कारणों और इसके चलने के समय के बारे जानने की कोशिश करते रहे। लेकिन यात्रियों को कहीं से भी यह जानकारी नहीं मिल सकी। इससे यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। यात्रियों ने बताया कि डाउन लाइन पर दोपहर 12:30 से 5:30 तक तथा अपलाइन पर दोपहर एक बजे से शाम 6:30 बजे तक ब्लॉक रहा।
रेलवे ने नहीं दी सूचना
उल्लेखनीय है कि कोटा रेल मंडल प्रशासन द्वारा यात्रियों को समय रहते इस ब्लॉक की जानकारी देना जरूरी नहीं समझा गया। बाद में भी यात्रियों को इस ब्लॉक की जानकारी नहीं दी गई।
यात्रियों ने बताया कि अधिकारियों को समय रहते इस ब्लॉक की जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए थी। ताकि यात्री इसके लिए मानसिक रूप से तैयार हो सकें। साथ ही बहुत ज्यादा जरूरी होने पर यात्री अन्य विकल्पों पर भी विचार कर सकें। यात्रियों ने बताया कि बार-बार पूछने पर भी उन्हें ट्रेन खड़े रहने के कारणों का पता नहीं चला।
यह ट्रेनें अटकी
ब्लॉक के कारण बांद्रा-बरौनी अवध एक्सप्रेस कोटा प्लेटफॉर्म पर करीब 2 घंटे खड़ी रही। इसके अलावा इंदौर-जोधपुर रणथंबोर एक्सप्रेस भी कापरेन में 2 घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही। साथ ही कोटा-मथुरा मेमू ट्रेन, पटना और जनशताब्दी एक्सप्रेस भी घंटों देरी से चलीं। इसी तरह जयपुर-मुंबई सुपरफास्ट जयपुर से ही 2 घंटे देरी से शाम 6 बजे चली।
ट्रेन के इंतजार में यात्री प्लेटफार्म पर घंटों परेशान होते रहे।