Indian Railways : खाना बनाते समय रेलकर्मी की पत्नी झुलसी, कर्मचारी के भी हाथ जले

Indian Railways : खाना बनाते समय रेलकर्मी की पत्नी झुलसी, कर्मचारी के भी हाथ

जले

Kota Rail News : खाना बनाते समय रविवार को एक रेल कर्मचारी की पत्नी झुलस गई। पत्नी को बचाने के प्रयास में कर्मचारी के हाथ भी जल गए। दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि लोको पायलट पद पर कार्यरत चंद्रप्रकाश सुमन दोपहर को अपने घर पर ही था। पत्नी सीमा गैस पर खाना बना रही थी। तभी अचानक सीमा के कपड़ों में आग लग गई। सीमा के चिल्लाने पर चंद्रप्रकाश दौड़ कर किचन में पहुंचा। यहां चंद्र प्रकाश ने आनस-फानस में सीमा की आग बुझाने का प्रयास किया। इस कोशिश में चंद्र प्रकाश के भी दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए। इतने में आवाज सुनकर पड़ोसी भी चंद्रप्रकाश के घर पहुंच गए। बाद में पड़ोसियों ने जैसे-तैसे आग बुझा कर दोनों को रेलवे अस्पताल पहुंचाया।
सीमा को किया रेफर
आग से सीमा करीब 50 प्रतिशत झुलस गई थी। इसके चलते डॉक्टरों ने सीमा को तुरंत निजी अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन चंद्रप्रकाश को रेफर करने से मना कर दिया। लेकिन चंद्रप्रकाश उसे भी रेफर करने के लिए अड़ गए। उसके बाद डॉक्टरों ने दोनों को एमबीएस अस्पताल रेफर करने को कहा। चंद्रप्रकाश ने एमबीएस अस्पताल जाने से मना कर दिया।
इसके बाद डॉक्टरों ने चंद्र प्रकाश को रेलवे अस्पताल में भर्ती होने को कहा। लेकिन रेलवे अस्पताल में भर्ती होने से मना कर चंद्रप्रकाश अपनी पत्नी के साथ सुधा अस्पताल चला गया। यहां पर डॉक्टरों ने चंद्रप्रकाश के हाथों पर भी पट्टियां बांध दीं।
कर्मचारियों ने बताया कि रेलवे अस्पताल में झुलसने के इलाज कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण दोनों को रेफर किया जाना चाहिए था। लेकिन डॉक्टर अपनी जिद पर अड़े रहे।