Indian Railways : कई और रेलकर्मी वर्षों से टिके हैं संवेदनशील पदों पर…..

Indian Railways : कई और रेलकर्मी वर्षों से टिके हैं संवेदनशील पदों पर, डीआरएम के सीओएस के तबादले के बाद सामने आए मामले
Kota Rail News: डीआरएम के मुख्य कार्यालय अधीक्षक (सीओएस) के स्थानांतरण के बाद वर्षों तक संवेदनशील पदों पर जमे कर्मचारियों के कई मामले सामने आए हैं।
सूत्रों ने बताया कि कोटा मंडल में ऐसे दर्जनों कर्मचारी हैं जो वर्षों से संवेदनशील पदों पर टिके हुए हैं।
खुद डीआरएम ऑफिस में ही बड़ी संख्या में ऐसे कर्मचारी मौजूद है जो बरसों से संवेदनशील पदो पर जमे हुए हैं। इसमें स्थानांतरण के लिए जिम्मेदार कार्मिक विभाग तक शामिल है। कार्मिक विभाग में जी करीब एक दर्जन ऐसे कर्मचारी हैं जो पिछले कई सालों से लगातार संवेदनशील पदों पर काम कर रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि इनमें से कई कर्मचारी तो ऐसे हैं जो 25- 25 सालों से संवेदनशील पदों पर टिके हुए हैं। प्रशासन ने कभी भी इन कर्मचारी का स्थानांतरण करना जरूरी नहीं समझा।
सूत्रों ने बताया कि कर्मचारियों के वर्षों तक एक ही पद पर टिके के कारण भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिल रहा है। मामूली कामों के लिए भी कर्मचारियों को कई-कई चक्कर लगाने के लिए मजबूर किया जाता है। ढोक नहीं लगाने पर महीनों तक कर्मचारियों की फाइलें अटकी रहती हैं। सेवा पूजा होने के बाद ही इन फाइलों को आगे बढ़ाया जाता है।
सूत्रों ने बताया कि कार्मिक विभाग की विधि शाखा में भी ऐसे कई कर्मचारी हैं जो बरसों से संवेदनशील पदों पर टिके हुए हैं। इनमें से कई कर्मचारी ऐसे भी हैं जो इन पदों के योग्य नहीं है। फिर भी वर्षों से एक ही पद पर काम कर रहे हैं।
ऐसे कई कार्मिकों पर कोर्ट में कर्मचारियों के पक्ष में रेलवे का केस कमजोर करने के भी आरोप हैं। उसके बाद भी प्रशासन इन कर्मचारियों के स्थानांतरण के लिए गंभीर नहीं है।
20 साल बाद हुआ स्थानांतरण
उल्लेखनीय है कि डीआरएम के सीओएस संजय चतुर्वेदी 20 से अधिक सालों तक इस पद पर टिके हुए थे। जबकि यह पत्र अतिसंवेदनशील श्रेणी में आता है। मंडल और मुख्यालय तक के गोपनीय काम डीआरएम के इसी सचिवालय में होते हैं। इसके बावजूद भी प्रशासन ने कभी संजय का ट्रांसफर करना जरूरी नहीं समझा। जबकि संवेदनशील पदों पर कर्मचारियों का हर 3 से 4 साल में स्थानांतरण हो जाना चाहिए।
गौरतलब है कि शुक्रवार को संजय का स्थानांतरण डीआरएम सचिवालय से सामान्य शाखा में किया गया है। संजय की जगह सामान्य शाखा के कार्यालय अधीक्षक मुकेश गोयल को लगाया गया है। संजय अब मुकेश गोयल की जगह काम करेंगे।