Indian Railways : रेलवे ने नहीं दी ब्लॉक की सूचना, 6 घंटे ठप रहा रेल यातायात, घंटों परेशान रहे हजारों यात्री

Indian Railways : रेलवे ने नहीं दी ब्लॉक की सूचना, 6 घंटे ठप रहा रेल यातायात,

घंटों परेशान रहे हजारों यात्री

Kota Rail News :  अंडर पास निर्माण कार्य के चलते रेलवे ने बुधवार को रवांजना डूंगर और कुशतला स्टेशनों के बीच 5 घंटे का मेघा ब्लॉक लिया था। काम समय पर पूरा नहीं होने के कारण डाउन लाइन का ब्लॉक करीब 45 मिनट पिट गया।
डाउन लाइन का ब्लॉक दोपहर 12.30 से शाम 5:30 बजे तक था। लेकिन काम पूरा नहीं होने के कारण यह ब्लॉक शाम करीब 6:15 बजे तक चला। इसके अलावा अपलाइन का ब्लॉक दोपहर करीब 2 बजे से शाम 7 बजे तक था।
इस ब्लॉक के चलते सवाई माधोपुर-कोटा के बीच करीब 6 घंटे तक रेल यातायात पूरी तरह ठप रहा।
रास्ता रुकने से करीब एक दर्जन ट्रेनें घंटों रास्ते में खड़ी रहीं। भीषण गर्मी में ट्रेन नहीं चलने से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रेलवे ने नहीं दी जानकारी
यात्रियों ने बताया कि रेलवे द्वारा इस ब्लॉक की कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। इसके चलते यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई। समय पर स्टेशन पहुंचे यात्रियों को ट्रेन के इंतजार में घंटों परेशान होना पड़ा। ट्रेन में बैठे यात्री भी पानी तक को तरस गए। ट्रेनें खड़ी रहने वाले स्टेशनों के आसपास दुकानों से यात्रियों को दुगने दामों पर पानी की बोतल खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ा। बाद में यह बोतले भी समाप्त होने पर यात्रियों को 4 गुने दाम पर भी पानी नहीं मिल रहा था। यही हाल खाने की सामग्री का था। यात्रियों ने महंगे दामों पर बिस्कुट और नमकीन खरीद कर खाए।
जानकारी के लिए परेशान रहे यात्री
यात्री ट्विटर और फोन आदि के माध्यमों से ट्रेन खड़े रहने की जानकारी लेते नजर आए। लेकिन सूचना के अभाव में मौके पर मौजूद कर्मचारियों के अलावा किसी को भी इस ब्लॉक की जानकारी नहीं थी। ब्लॉक खत्म होने के बारे में तो अधिकारी भी कोई जानकारी नहीं दे पा रहे थे।
स्टेशन पर इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की जा रही थी। यात्री पूछ-पूछ कर परेशान हो रहे थे।
यह ट्रेनें रहीं घंटों खडी
रास्ता जाम होने से जोधपुर-इंदौर रणथंबोर एक्सप्रेस केशोरायपाटन में शाम को ब्लॉक खुलने तक खड़ी रही। इसी तरह जयपुर/मुंबई सुपरफास्ट सवाई माधोपुर स्टेशन पर करीब तीन घंटे तक खड़ी रही। इसके अलावा बांद्रा-अवध गोरखपुर, सोगरिया-नई दिल्ली, कोटा-वैष्णो देवी कटरा तथा कोटा-मथुरा आदि ट्रेनें घंटों तक कोटा स्टेशन और रास्ते में अटकी रही।