Indian Railways : कोटा मंडल में फिर शुरू हुए अवैध वेंडर

Indian Railways : कोटा मंडल में फिर शुरू हुए अवैध वेंडर

Kota Rail News : कुछ दिनों की सख्ती के बाद कोटा रेल मंडल में फिर से अवैध वेंडर शुरू हो गए हैं। इन अवैध वेंडरों को मंडल के सभी स्टेशनों पर खाद्य सामग्री बेचते आसानी से देखा जा सकता है। बिना लाइसेंस फीस जमा कराए भी बड़ी संख्या में अवैध वेंडर चल रहे हैं। इसमें बड़ी खानपान इकाइयां भी पीछे नहीं है। लाइसेंसशुदा 8 वेंडर भी पहले की तरह एक ही वर्दी में 24 घंटे खाद सामग्री बेचते नजर आ रहे हैं।
ट्रेनों में भी राजा सहित विभिन्न गैंग सक्रिय हो गई है। गैंग के वेंडर बिना किसी डर के धड़ल्ले से वातानुकूल कोचों तक में अवैध खाद सामग्री बेच रहे हैं।
कुछ दिन रही सख्ती
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों अवैध वेंडर चलाने की एवज में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक स्टॉल वाले से पांच हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में रामगंजमंडी आरपीएफ पोस्ट प्रभारी और एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया था। यह दोनों अभी जेल में ही बंद है।
इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्ती कर अवैध वेंडरों पर लगाम लगाने की कोशिश की थी। बड़ी-बड़ी क्राइम मीटिंग ली थीं। लेकिन इसका कोई खास असर नजर नहीं आया। अवैध वेंडर दोबारा से पहले जैसे चलने लगे हैं।
अवैध वेंडर चलने से लाइसेंसशुदा वेंडरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन प्रशासन को इससे कोई फर्क पड़ता नजर नहीं आ रहा।