Indian Railways : दुरंतो एक्सप्रेस में लगी आग, बड़ी घटना टली

Indian Railways : दुरंतो एक्सप्रेस में लगी आग, बड़ी घटना टली

Kota Rail News : कोटा स्टेशन से रवाना होने के कुछ देर बाद गुरुवार को एर्नाकुलम-निजामुद्दीन दुरंतो एक्सप्रेस (12283) में अचानक आग लग गई। आग का पता चलने पर ट्रेन को दोपहर करीब 12:30 बजे कापरेन स्टेशन पर रोका गया। यहां जांच करने पर S-9 कोच के नीचे से बड़ी मात्रा में धुंआ निकलता नजर आया। यह धुंआ डिस्क ब्रेक सिस्टम में से बड़ी तेजी से निकल रहा था। धुआं इतना अधिक था कि आग की लपटें कहीं दिखाई नहीं दे रही थीं।
आग की सूचना पर स्टेशन और ट्रेन स्टाफ सहित कई ट्रैकमेंटेनर मौके पर पहुंच गए। सबने मिलकर आग और धुंए पर काबू पाना शुरू कर दिया। आग बुझाने के लिए ट्रेन और स्टेशन पर रखे करीब एक दर्जन अग्निशमक यंत्रों को काम में लिया गया। यात्रियों ने बताया कि कर्मचारियों के काफी प्रयास के बाद की दो-तीन अग्निशमक यंत्रों ने तो काम ही नहीं किया। करीब 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग और धुंए पर काबू पाया गया। इसके बाद ट्रेन को आगे की ओर रवाना किया गया। यात्रियों ने बताया कि ट्रेन रवानगी के समय भी कोच के नीचे से मामूली धुंआ निकल रहा था। हालांकि की ट्रेन के रास्ते में कहीं दुबारा रोके जाने की जानकारी नहीं मिली है।
Indian Railways : दुरंतो एक्सप्रेस में लगी आग बड़ी घटना टली
यात्रियों में मचा हड़कंप
आग की सूचना पर यात्रियों में हड़कंप मच गया। घबराए यात्री तुरंत ट्रेन के नीचे उतर आए। आग पूरी तरह बुझने के बाद ही यात्री दुबारा ट्रेन में सवार हुए। हालांकि यात्री रास्ते भर आशंकित रहे।
अधिकारियों को नहीं जानकारी
इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोटा मंडल अधिकारियों को आग की जानकारी नहीं थी। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें अभी तक ऐसा कोई कंट्रोल मैसेज नहीं मिला है। हालांकि कई अधिकारी इसे प्रशासन द्वारा मामला छुपाने की कोशिश के रूप में भी देख रहे थे।
बड़ी दुर्घटना टली
यात्रियों ने बताया कि समय रहते आग का पता चलने पर बड़ी दुर्घटना टल गई। अन्यथा दौड़ती ट्रेन आग का गोला बन सकती थी।
17 दिन में दूसरी घटना
उल्लेखनीय है कि ट्रेन में आग लगने की 17 दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले अजमेर-जबलपुर दयोदय एक्सप्रेस में मोतीपुरा स्टेशन पर 10 मई की रात एक स्लीपर कोच में आग लग गई थी। फायर उपकरणों की मदद से इस आग पर काबू पाया गया था। गनीमत रही थी कि समय रहते आग नजर आने पर बड़ी दुर्घटना टल गई थी। इस घटना के चलते ट्रेन करीब 2 घंटे लेट हो गई थी।