कोटा/लाखेरी। लाखेरी-इंद्रगढ़ क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने कोटा के एक और रेल कर्मचारी की जिंदगी छीन ली। देईखेड़ा थाना क्षेत्र में कोटा खुर्द आडा गैला पेट्रोल पंप के पास कार और डंपर की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में कोटा में कार्यरत मालगाड़ी लोको पायलट राजेश मीणा (48) की मौके पर ही मौत हो गई।
मूल रूप से टोंक जिले के उनियारा (रहमानपुर) निवासी राजेश मीणा वर्तमान में कोटा के रंगपुर रोड स्थित रिद्धि-सिद्धि नगर में रहते थे। मंगलवार को वह अपनी कार से अपने पैतृक गांव जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। पुलिस ने जेब में मिले दस्तावेजों और मोबाइल के जरिए परिजनों को सूचना दी।
राजेश मीणा की मौत की खबर फैलते ही रेल गलियारों में शोक छा गया। सहकर्मियों ने बताया कि राजेश एक मिलनसार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारी थे। पुलिस ने देईखेड़ा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोटा रेल मंडल के लिए पिछले 14 दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे हैं। राजेश मीणा इस अवधि में जान गंवाने वाले चौथे रेल कर्मचारी हैं:
8 मई: रेलवे वर्कशॉप कर्मचारी विक्रम सिंह मीणा की मौत। सवाईगंज में एक शादी समारोह के दौरान तेज हवा से डीजे लाइट गिरने से वह घायल हुए थे और इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
3 मई: सीनियर सेक्शन इंजीनियर अयाज खान (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
29 अप्रैल: वर्कशॉप कर्मचारी जगदीश मीणा ने रेलवे कॉलोनी स्थित घर पर फांसी लगाकर जान दे दी। इसे भी साथी कर्मचारी संदिग्ध मान रहे हैं।
13 मई: लोको पायलट राजेश मीणा की सड़क दुर्घटना में मौत।
लगातार हो रही इन मौतों ने रेल कर्मचारियों के बीच चिंता पैदा कर दी है। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस और संबंधित थाना पुलिस इन सभी मामलों की जांच कर रही है।
#RailwayNews #KotaLocoPilot #Tragedy #AccidentNews #WCRUpdate #KotaRailway #RailwayEmployees #SadNews
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.