कोटा-हिसार एक्सप्रेस में बवाल: नशे में धुत GRP जवान ने TTE और स्टाफ को पीटा, मोबाइल तोड़ा

कोटा। चलती ट्रेन में सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले जब खुद अराजकता पर उतर आएं, तो यात्रियों की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है। कोटा-हिसार ट्रेन (19813) में शनिवार रात एक ऐसी ही शर्मनाक घटना घटी, जहाँ ड्यूटी पर तैनात एक जीआरपी (GRP) जवान ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। आरोपी जवान ने न केवल यात्रियों को परेशान किया, बल्कि समझाने आए टीटीई (TTE) और कोच अटेंडेंट के साथ मारपीट कर उनका मोबाइल भी तोड़ दिया।

सेकंड एसी कोच में घुसकर की बदसलूकी

शिकायत के अनुसार, ट्रेन के कोटा से रवाना होने के बाद जीआरपी जवान वीरेंद्र सिंह, जो बिना नेम प्लेट की वर्दी में था, नियम विरुद्ध तरीके से सेकंड एसी कोच में दाखिल हो गया। आरोप है कि वीरेंद्र अत्यधिक नशे में था और वहां मौजूद यात्रियों को परेशान कर रहा था। जब कोच अटेंडेंट मोहित रेगर और राकेश मीणा ने यात्रियों की शिकायत पर उसे रोकने की कोशिश की, तो वीरेंद्र ने आपा खो दिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने आए TTE पर भी हमला

हंगामा बढ़ता देख टीटीई राजेंद्र मीणा और रामस्वरूप शर्मा मौके पर पहुंचे और जवान को शांत कराने का प्रयास किया। लेकिन वर्दी के रसूख और नशे में चूर वीरेंद्र ने टीटीई के साथ भी हाथापाई की। इस दौरान उसने टीटीई राजेंद्र मीणा के हाथ से मोबाइल छीनकर फर्श पर पटक दिया, जिससे फोन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

इस घटना ने आरपीएफ (RPF) और जीआरपी की मुस्तैदी की पोल खोलकर रख दी है। पीड़ित टीटीई ने तत्काल कोटा कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन इसके बावजूद अगले स्टेशनों—लाखेरी और सवाई माधोपुर—पर तैनात पुलिस बल ने आरोपी जवान के खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया।

हैरानी की बात यह रही कि सवाई माधोपुर में आरपीएफ और जीआरपी कर्मियों ने टीटीई से आधिकारिक मेमो (शिकायत) लेना तक जरूरी नहीं समझा। पुलिस की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी जवान बाद में स्लीपर कोच में जाकर छिप गया।

वीडियो हुआ वायरल

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब रेल स्टाफ ने जवान से उसका आईडी कार्ड मांगा, तो वह भड़क गया और हाथापाई करने लगा। फिलहाल, पीड़ित स्टाफ ने कोटा मंडल रेल प्रशासन से लिखित शिकायत कर आरोपी जवान के खिलाफ सख्त कार्रवाई और नुकसान की भरपाई की मांग की है।


#RailwayCrime #KotaNews #IndianRailways #GRP #TTEAssault #RailwaySafety #ViralVideo #RajasthanPolice #JusticeForTTE

G News Portal G News Portal
95 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.