राजनीतिक नियुक्तियां और पायलट से हाईकमान द्वारा किए वादे पूरे करने चाहिए : जितेन्द्र सिंह

राजनीतिक नियुक्तियां और पायलट से हाईकमान द्वारा किए वादे पूरे करने चाहिए : जितेन्द्र सिंह
राहुल गांधी के नजदीक कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और असम राज्य के कांग्रेस के प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह ने कहा कि सचिन पायलट को किए गए वादे पूरे करने चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुझे सीधे तौर पर तो जानकारी नहीं है लेकिन उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री बदलने की कोई बात नहीं है । जहां तक मुझे जानकारी है सचिन भी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रहे हैं। उनके कार्यकर्ता और विधायकों के लिए पार्टी हाइकमान से कुछ बाते हुई होंगी। उनको ही पूरा कराने की कहते हैं। यह सही भी है कि पार्टी हाइकमान की ओर से किए गए वादे पूरे करने चाहिए। ताकि वे भी अपने कार्यकर्ताओं को संतुष्ट कर सकें।
सिंह ने कहा कि इस बारे में अधिक जानकारी तो सचिन खुद या पार्टी के प्रभारी नेता दे सकते हैं। मुझे यही लगता है कि सचिन अपने कार्यकर्ता व विधायकों को उचित सम्मान देने के लिए हाइकमान से जो बातें हुई उनको पूरा कराने की कहते हैं। मैं खुद भी कहता हूं कि राजनीतिक नियुक्तियां अविलम्ब की जानी चाहिए। ताकि मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मान मिले।
उन्होंने कहा कि सचिन पायलट की जो भी कोई बात हुई हाइकमान से हुई है। उनकाे पूरा करना भी चाहिए। पायलट ने कुछ बातें उठाई हैं। इसमें बुरा मानने की बात नहीं है। वे अपनी बात उठा सकते हैं। कांग्रेस पार्टी इस बात को कहती है कि कोई भी कार्यकर्ता अपनी बात कहने के लिए स्वतंत्र है।
कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक हेमाराम चौधरी भी पिछले दिनों अपनी बात रखी थी। मैं खुद हेमारामजी के साथ 10 साल विधायक रहा हूं। एक परिवार में भी कम्यूनिकेशन की कमी होने पर हल्की-फुल्की बातें हो जाती है। अब उनसे भी बात हो गई है। वे मान गए हैं। परिवारों में भी इस तरह के झगड़े होते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की गहलोत सरकार पूरी तरह सुरक्षित है। पहले भी भाजपा ने सरकार को गिराने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो सकी। आगे भी सरकार को कोई खतरा नहीं है। भले ही भाजपा के नेता कितना ही प्रयास कर लें।