बढ़ती ऑनलाइन गतिविधियों के दौर में महिलाओं को साइबर अपराध से बचाने के लिए वेबीनार

बढ़ती ऑनलाइन गतिविधियों के दौर में महिलाओं को साइबर अपराध से बचाने के लिए वेबीनार
जयपुर, 14 सितंबर। देश में बढ़ती साइबर साक्षरता के साथ ही महिलाओं को पहले से अधिक जागरुकता की जरूरत पर जोर दिया जाने लगा है। साइबर विशेषज्ञों का मानना है कि वर्चुअल दुनिया में अपेक्षाकृत कमजोर वर्गों को अधिक निशाना बनाने के प्रयास किए जाते हैं। इस डिजीटल युग में साइबर अपराधों पर महिलाओं में जागरुकता उत्पन्न करने के लिए मंगलवार को एक ऑनलाइन वेबीनार का आयोजन किया गया।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री आलोक गुप्ता के निर्देश पर राजस्थान नॉलेज कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत इस वेबीनार का आयोजन किया गया। वेबीनार का उद्देश्य साइबर अपराध पर महिलाओं में जागरुकता बढ़ाना था। वेबीनार में साइबर लॉ एक्सपर्ट श्री निशीथ दीक्षित ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इंटरनेट की दुनिया का गलत उपयोग किया जाता है। मालवेयर, फिशिंग, फारमिंग, ऑनलाइन वसूली, ब्लैकमेलिंग, ट्रोजन, वायरस जैसे कृत्य किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि डिजीटल दुनिया में महिलाएं अकसर दुर्व्यवहार, धमकी, छेड़खानी, पीछा किया जाना तथा यौन शोषण तक का शिकार बन जाती हैं।
साइबर एक्सपर्ट के अनुसार कुछ छोटे-छोटे कदम उठाकर महिलाएं वर्चुअल वर्ल्ड में स्वयं को सुरक्षित रख सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी पहचान बेवजह सार्वजनिक न करें, अनसिक्योर लिंक पर क्लिक न करें, ऑनलाइन प्रलोभन में न पड़ें, प्राइवेसी सेटिंग ऑप्शन का उपयोग करें।
वेबीनार में निर्भया स्क्वायड की डीसीपी श्रीमती सुनीता मीणा ने आश्वस्त किया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार तथा पुलिस विभाग द्वारा इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों को उन्होंने विस्तार से बताते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मविश्वास से परिपूर्ण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संकट के समय महिलाएं 100 तथा 112 जैसे इमरजेंसी नंबर के साथ ही महिला गरिमा हेल्पलाइन नंबर 1090 पर भी कॉल कर निर्भया स्कवॉयड से संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाती है।
वेबीनार में आरकेसीएल की कंपनी सेक्रेटरी श्रीमती मधु राठी ने कंपनी द्वारा किए गए प्रयासों को भी सामने रखा। वेबीनार का संचालन क्षेत्रीय प्रबंधक श्री विशाल चक्रवर्ती ने किया।