Rajasthan : प्रदेश रोम की तरह जल रहा है, गहलोत नीरो की तरह बांसुरी बजा रहे हैं-पूनिया

Rajasthan : प्रदेश रोम की तरह जल रहा है, गहलोत नीरो की तरह बांसुरी बजा रहे हैं-पूनिया

राजस्थान मे बिगडती कानून व्यवस्था को लेकर गहलोत सरकार पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने हमला बोला है। प्रदेशाध्यक्ष पूनिया ने सवाईमाधोपुर में हुई बालिका के साथ दुष्कर्म की वारदात पर सरकार को आडे हाथ लेते हुए कहा है कि प्रदेश की आम आवाम दहशतगर्दी में जीने को मजबूर है और मुख्यमंत्री गहलोत सिर्फ अपनी कुर्सी बचाने में लगे हैं। पूनिया ने कहा कि राजस्थान में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। लेकिन सीएम अशोक गहलोत खुद ही गृह विभाग की कमान संभाले हुए हैं।कांग्रेस के पास एक भी ऐसा विधायक नहीं है जिसे गृह मंत्री बनाया जाए। पूनिया ने कहा कि गहलोत को गृह मंत्री का पद छोड़ देना चाहिए। आज राजस्थान में सबसे ज्यादा अपराध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जो भी सरकार होती है वह भरोसा देती है कि वह हमें सुरक्षा देगी। जन सुरक्षा का भरोसा देने वाली सरकार जब असक्षम होती है तो सवाल उठते हैं।पूनिया ने कहा कि प्रदेश को लेकर अब लोगों का नजरिया बदल गया है।पर्यटक यहां इसलिए आते हैं कि बहुत सारे मॉन्यूमेंट्स और टूरिस्ट प्लेस हैं। व्यापारी भी यहां पर आते हैं कि उन्हें सुरक्षा के माहौल में व्यापार करने का मौका मिलेगा। लोग सुकून भरा राज्य ढूंढ के राजस्थान स्थाई तौर पर रहने को आ रहे थे। लेकिन आज स्थिति विकट हो गई है। साढ़े छह लाख मुकदमे दर्ज होना और उसमें भी महिला अपराध ज्यादा होना और भी चिंताजनक है। पूनिया ने कहा कि यह आरोप हम नहीं लगा रहे। नेशनल क्राइम ब्यूरो के जो आंकड़े हैं वह चिंताजनक हैं। पूनिया ने कहा कि जिस तरह से भिवाड़ी और सवाई माधोपुर में घटनाएं हुईं हैं वह बड़ी चिंताजनक हैं। ऐसा लगता है कि राजा अब कुर्सी की फिक्र में है। जब कोई राजा कुर्सी की चिंता करता है तो दूसरों की जिंदगी खतरे में होती है। राजस्थान में यही कहा जा रहा है जिस तरह रोम जल रहा था और नीरो बांसुरी बजा रहा था वैसे ही आज प्रदेश की जनता असुरक्षा के माहौल में जी रही है।