सुगम्य भारत ऎप पर शिकायतों के निवारण हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

सुगम्य भारत ऎप पर शिकायतों के निवारण हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति
जयपुर, 9 फरवरी। राज्य सरकार ने एक आदेश जारी कर प्रदेश के सार्वजनिक भवनों में सुगम्य वातावरण उपलब्ध कराने तथा सुगम्य भारत ऎप पर सार्वजनिक भवनों के संबंध में प्राप्त होने वाली शिकायतों के निस्तारण एवं मॉनीटरिंग हेतु नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य की ओर से इस संबंध में जारी आदेशानुसार राज्य स्तर पर प्रत्येक विभाग के अतिरिक्त/प्रमुख अथवा शासन सचिव स्तर के अधिकारी, जिला स्तर पर प्रत्येक जिले के जिला कलक्टर तथा नगर निगम, नगर परिषद और नगरपालिका क्षेत्रों में आयुक्त/अधिशाषी अधिकारी, नोडल अधिकारी होंगे। उल्लेखनीय है कि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रलय, भारत सरकार द्वारा सार्वजनिक स्थलों पर सुगम्य वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सुगम्य भारत ऎप लॉन्च किया है। ये ऎप विशेष योग्यजनों, वृद्धजनों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों, किसी बीमारी के कारण अस्थाई निःशक्तता से प्रभावित व्यक्तियों को सार्वजनिक स्थानों पर आने वाली समस्याओं के निराकरण हेतु बनाया गया है। सुगम्य भारत ऎप पर सार्वजनिक स्थलों की फोटो लेकर प्रभावित नागरिकों द्वारा अपलोड की जा सकती है।