Bharatpur : जयपुर पुलिस हैड क्वार्टर में तैनात पुलिस जवान ने भरतपुर में की सुसाइड।
भरतपुर से पुलिस विभाग के लिए दुखद खबर सामने आई है। जहां ससुराल आए एक पुलिसकर्मी ने बाथरूम के अंदर चाकू से खुद का गला काट कर खुदकुशी कर ली। मृतक पुलिसकर्मी का शव आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिसकर्मी निरंजन जयपुर पुलिस हेड क्वार्टर में तैनात था। भरतपुर के न्यू पुष्पवाटिका कॉलोनी में ससुराल बताई जा रही है। बुधवार देर शाम को ससुराल में बाथरूम में निरंजन ने चाकू से खुद का गला काट लिया। गंभीर हालत में पुलिसकर्मी निरंजन को आरबीएम अस्पताल लाया गया। आरबीएम चौकी प्रभारी एएसआई मान सिंह ने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी निरंजन गंभीर हालत में भर्ती किया गया। यहां से चिकित्सकों ने उसे जयपुर के लिए रेफर कर दिया, लेकिन जयपुर ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी निरंजन और उसकी पत्नी में विवाद चल रहा था। जिसकी वजह से पत्नी तीन माह से अपने मायके न्यू पुष्पवाटिका में रह रही थी। फिलहाल शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।