31 मार्च को गोली लगने से शहीद हुए भारतीय सेना के जवान का उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया

भरतपुर। 31 मार्च को गोली लगने से शहीद हुए भारतीय सेना की जाट रेजीमेंट के अरुणाचल प्रदेश में तैनात 21 साल के जवान पुष्पेंद्र सिंह का शनिवार को राजस्थान के भरतपुर में डीग के उनके पैतृक गांव श्यौरावली में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जवान के पार्थिव शव को उसके 3 महीने के मासूम बच्चे ने मुखाग्नि दी। जवान पुष्पेन्द्र सिंह की पार्थिव देह को फूलों से सजाए गए सेना के वाहन से पैतृक गांव श्यौरावली लाया गया।शहीद की शवयात्रा में बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग जवान के शव को देख परिजनो के साथ फूट-फूटकर रोने लगे। पत्नी सुमन सिंह शव से लिपट गई। पूरा गांव बिलख पड़ा। डीग-कुम्हेर विधायक ब पूर्व मंत्री विधायक विश्वेन्द्र सिंह, तहसीलदार अशोक कुमार शाह सहित अन्य सेना के अधिकारियों ने जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। सेना के अधिकारियों ने शव श्मशान घाट पहुंचने के बाद जवान के भाई बबलू कुमार को तिरंगा दिया। अंत्येष्टि से पूर्व जाट रेजीमेंट के जवानों ने मातमी धुनों के साथ जवाल की पार्थिक देह को गार्ड ऑफ ऑनर दिया।