दो अलग अलग मार्गो पर हुईं सड़क दुर्घटना 20 जने घायल – Bharatpur

Bharatpur :  राजस्थान के भरतपुर जिले में दो अलग अलग मार्गो पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में एक दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं सहित करीब 20 जनो के घायल हो जाने की जानकारी प्राप्त हुई है। घायलों में से आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को महुआ के राजकीय चिकित्सालय में तथा 9 जनो को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कामां कस्बे के उदाका गांव के पास अलग-अलग राज्यों से ब्रज के मंदिरों के दर्शन के लिए आए हुए श्रद्धालुओं से भरी बस एक खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में करीब 12 लोग घायल हो गए। इसमें 9 को भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाकी लोगों का उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई। बताया गया कि ब्रज क्षेत्र के मंदिरों के दर्शन करवा रही तीन बसें नंद गांव होते हुए गोवर्धन जा रही थी। कामां कस्बे के उदाका गांव के पास एक ट्रेलर अंधेरे में खड़ा हुआ था। बस ड्राइवर को अंधेरे में खड़ा ट्रेलर नहीं दिखा और बस ट्रेलर से जा टकराई। प्राप्त एक अन्य जानकारी के अनुसार कस्वा कामा से सुबह जयपुर के लिए रवाना हुई राजस्थान रोडवेज की एक बस आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 21 पर खेड़ली मोड़ पुलिस चौकी के पास एक निजी ट्रैवल एजेंसी के स्लीपर कोच से टकरा गई जिसमें आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए जिन्हें महुआ के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।