Lalsoth : डिलीवरी के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों द्वारा किये गए हंगामे के बाद डिप्रेशन में आई डॉक्टर की आत्महत्या।

Lalsoth : डिलीवरी के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों द्वारा किये गए हंगामे

के बाद डिप्रेशन में आई डॉक्टर की आत्महत्या।

दौसा के लालसोट मे प्राईवेट अस्पताल मे डिलीवरी के दौरान महिला की मौत के बाद परिजनों द्वारा किये गए हंगामे के बाद डिप्रेशन में आई डॉक्टर ने सुसाइड कर लिया। डॉक्टर के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज कराया गया था। मंगलवार सुबह 11 बजे महिला डॉक्टर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। डॉ. अर्चना शर्मा और उनके पति डॉ. सुनीत उपाध्याय का लालसोट में ही आनंद हॉस्पिटल है। लालसोट के खेमावास निवासी लालूराम बैरवा पत्नी आशा देवी की डिलीवरी के लिए सोमवार सुबह हॉस्पिटल लेकर आया था। दोपहर में डिलीवरी के दौरान महिला की मौत हो गई। घरवालों ने मुआवजे की मांग को लेकर देर रात ढाई बजे तक हॉस्पिटल के बाहर प्रदर्शन किया। गुस्साए घरवालों ने लालसोट थाने में रिपोर्ट दी थी। इसके बाद डॉ. अर्चना शर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। हत्या का मामला दर्ज होने के बाद डॉक्टर डिप्रेशन में आ गई थी। इधर, महिला डॉक्टर की मौत की खबर के बाद हॉस्पिटल के बाहर भीड़ एकत्र हो गई। डॉ. अर्चना शर्मा गायनिक थी और उनके पति डॉ. सुनीत उपाध्याय न्यूरो साइक्रेस्ट्रिक है। 8 साल से डॉक्टर दंपती हॉस्पिटल चला रहे हैं। हॉस्पिटल के डॉक्टर्स का कहना था कि ज्यादा ब्लड बहने से आशा की मौत हो गई थी। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे थे। महिला डॉक्टर के परिजन वंदना शर्मा ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे तीसरी मंजिल पर स्थित डॉक्टर डॉ. अर्चना शर्मा के पास गई तो कमरे का दरवाजा बंद था। गेट खटखटाया व आवाज लगाई, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। अर्चना के पति को बताया। वे कमरे तक पहुंचे और गेट खोलने का प्रयास किया। दरवाजा नहीं खुला तो धक्का मारकर उसे खोला गया। कमरे में डॉक्टर अर्चना फंदे पर लटक रही थी। लालसोट थाना प्रभारी अंकेश चौधरी ने बताया कि डॉ. अर्चना शर्मा ने सुसाइड कर लिया है।