Dholpur : पुरानी रंजिश के चलते चाचा के लड़के पर की फायरिंग, युवक को लगी 4 गोलियां

Dholpur : पुरानी रंजिश के चलते चाचा के लड़के पर की फायरिंग, युवक को लगी 4 गोलियां

राजस्थान के धौलपुर में राजाखेड़ा के छीतापुरा बिजली घर के पास सगे ताऊ और उसके लड़के द्वारा पुरानी रंजिश में अपने चाचा के लड़के को फायरिंग कर घायल कर देने की जानकारी प्राप्त हुई है। बताया गया है कि इस फायरिंग में युवक को 4 गोलियां लगी। फायरिंग के बाद युवक को मरा समझकर आरोपी फरार हो गए। राजाखेड़ा पुलिस ने घायल को धौलपुर अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक के भाई की हत्या के आरोप में 5 महीने पहले जेल भेजा गया फायरिंग में शामिल युवक का ताऊ अभी 5 दिन पहले ही राजस्थान उच्चन्यायालय से जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा हुआ है। बताया गया है कि देवदास का पुरा गांव निवासी 28 वर्षीय राम हरि पुत्र अजब सिंह अपनी रिश्तेदारी में शामिल होकर बाइक पर फिरोजाबाद से गांव आ रहा था। रास्ते में छीतापुरा बिजली घर के पास पहले से घात लगा कर बैठे उसके ताऊ राजा राम और उसके बेटे रमाकांत के साथ ही करीब 6 लोगों ने उसको चलती बाइक पर एक के बाद एक 4 गोलियां मार दी। 2 गोलियां उसके कंधे और 2 गोली कूल्हे पर लगी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि 5 महीने पहले 27 अक्टूबर 2021 को देवदास का पुरा गांव में बिजली का खंभा लगाने को लेकर दो सगे भाई राजा राम और अजब सिंह में झगड़ा हो गया था। इस दौरान राजाराम और उसके बेटों ने अजब सिंह के बड़े बेटे गंगाराम की लाठी और कुल्हाड़ी से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। मामले में राजा राम और उसके 2 बेटों के साथ ही 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया, जबकि राजाराम का 1 बेटा और 1 अन्य फरार चल रहे है। राजा राम 5 दिन पहले ही हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर जेल से बाहर आया है।