Jaipur: तारपीन तेल बनाने की फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन बच्चों सहित चार की मौत।

Jaipur: जमवारामगढ़ क्षेत्र के धुलारावजी में रविवार को तारपीन तेल बनाने की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग में झुलसने से तीन बच्चों समेत अबतक कुल चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं, तीन अन्य गंभीर झुलसे लोगों को जयपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर सिविल डिफेंस टीम और पुलिस भी पहुंच गई। दमकल की मदद से काफी प्रयास के बाद आग पर काबू जा सका। आग लगने की खबर सुनकर घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ इक्ट्ठा हो गई। फिलहाल आग किन कारणों से लगी इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। जानकारी के अनुसार धूलारावजी के पास तारपीन की केमिकल फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में शंकरलाल अपने परिवार के साथ रहता था। रविवार को फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। फैक्ट्री में केमिकल भरा होने से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री जल गई। फैक्ट्री से भयंकर धूआं उठ रहा था इससे यहां रहने वाले लोग भी फंस गए। आग में जलने से तीन बच्चे और एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। मृतकों में 25 वर्षीय कालूराम, बालिका गरिमा, 5 वर्षीय अंकुश व 2 वर्षीय दिव्या शामिल हैं। पुलिस ने घायलों को जयपुर उपचार के लिए भिजवाया है। आग लगने की घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमों के विपरीत यह फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। प्रशासन ने कभी इसकी जांच नहीं की। अगर प्रशासन सचेत होता तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। आग लगने के बाद एहतियात के तौर पर पुलिस ने ग्रामीणों को घटना स्थल से दूर रोक दिया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।