Kota : रेलवे इंस्टिट्यूट चुनाव में मजदूर संघ ने 20 साल बाद दर्ज की जीत

Kota : रेलवे इंस्टिट्यूट चुनाव में मजदूर संघ ने 20 साल बाद दर्ज की जीत, एम्पलाई यूनियन ने पहली बार गंवाए सचिव सहित कार्यकारिणी के दो पद

Kota Rail News :  कोटा रेलवे इंस्टिट्यूट (संस्थान) के चुनाव सोमवार को संपन्न हुए। सोमवार रात से ही मतों की गिनती शुरू हुई जो मंगलवार रात खत्म हुई। करीब 24 घंटे चली इस मैराथन वोटिंग के बाद चुनाव के परिणाम भी चौंकाने वाले रहे। इस चुनाव में मजदूर संघ 20 साल से अधिक समय बाद सचिव और कार्यकारिणी के 2 पदों पर कब्जा जमाने में कामयाब रही। इसी तरह एंप्लाइज यूनियन ने भी पहली बार सचिव सहित और कार्यकारिणी के दो गवाएं हैं। इससे पहले यूनियन का एक भी सीट नहीं हारने का रिकॉर्ड है।
संघ ने 70 वोटों से दी यूनियन को मात
सचिव पद पर मुख्य मुकाबला मजदूर संघ के महेंद्र सिंह खींची और यूनियन के मनजीत सिंह बग्गा के बीच था। खींची ने बग्गा से 70 वोटों से यह पद छीन लिया। खींची को 1381 तथा बग्गा को 1311 मत मिले।
हालांकि यूनियन अपना कोषाध्यक्ष पद बचाने में सफल रही। कोषाध्यक्ष पद पर मुख्य मुकाबला यूनियन के प्रदीप शर्मा और संघ के चेतन शर्मा के बीच था। प्रदीप ने चेतन को 197 वोटों से हरा दिया। प्रदीप को 1412 तथा चेतन को 1215 मत मिले।
इसके अलावा सचिव पद पर खड़े ऑल इंडिया एसटी-एससी रेलवे एम्पलाई एसोसिएशन के ओम प्रकाश कोहली को 142, खैराती को 92 तथा निर्दलीय वहीद मोहम्मद को 29 वोट मिले। इसी तरह कोषाध्यक्ष पद पर एसटी-एससी एसोसिएशन के नरेश मीणा को 362 मत मिले।
इस चुनाव में सचिव पद के 112 तथा कोषाध्यक्ष पद के 74 मत रद्द भी हुए।
कार्यकारिणी की 2 सीटें भी कब्जाई
सचिव की तरह संघ ने पहली बार कार्यकारिणी 2 सीटों पर भी कब्जा जमाया है।
कार्यकारिण में सबसे ज्यादा 1555 वोट एम्पलाई यूनियन के चेतराम मीणा को मिले। इसके बाद यूनियन के ही उदय प्रकाश मीणा को 1512 मत मिले।
इसके बाद संघ प्रत्याशी मट्टू लाल मीणा को 1483, यूनियन के अजय त्रिवेदी और राकेश भार्गव को क्रमशः 1426 और 1397 मत मिले। इसके बाद छठे नंबर पर रहे संघ के विजेंद्र कुमार को 1296 तथा 7वें नंबर पर यूनियन के शेख मोहम्मद को 1285 मत मिले हैं। कार्यकारिणी के करीब 71 मत रद्द भी हुए हैं।
अभी तक था यूनियन का कब्जा
उल्लेखनीय है कि रेलवे इंस्टिट्यूट के पिछले चुनाव में रेलवे यूनियन की एकतरफा जीत हुई थी। यूनियन के कोषाअध्यक्ष और सचिव सहित सभी 9 पदों पर यूनियन समर्थित पदाधिकारी जीते थे। इससे पहले मजदूर संघ रेलवे इंस्टिट्यूट का कोई चुनाव नहीं जीत सकी है।
वोटों की गिनती के बाद समर्थकों ने जीते उम्मीदवारों को फूल माला पहनाकर कंधों पर उठा लिया। आतिशबाजी और नारेबाजी कर विजेताओं का जोरदार स्वागत किया।