Sawai Madhopur : राष्ट्रीय पंचायत पुस्कार के लिए प्रशिक्षण आयोजित

Sawai Madhopur : राष्ट्रीय पंचायत पुस्कार के लिए प्रशिक्षण आयोजित

सवाई माधोपुर, 23 सितम्बर। पंचायतीराज मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले राष्ट्रीय पंचायत अवार्ड (एनपीए) का पुनरूत्थान कर वर्ष 2023 में दिए जाने वाले राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार सतत विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण (एलएसडीजीएस) के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के तहत उल्लेखित 9 विषयों में पंचायत राज संस्थाओं द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने के आधार पर दिए जाएंगे।
जिला परिषद सवाई माधोपुर के मुख्य आयोजना अधिकारी बाबू लाल बैरवा ने बताया कि उक्त 9 विषयों की प्रश्नावलियां, पंचायत अवार्ड पोर्टल के माध्यम से 20 अक्टूबर 2022 तक भरी जाएगी। एलएसडीजीएस के 9 विषयों में से प्रत्येक विषय में देश भर में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों को 50 लाख रूपये, 40 लाख रूपये एवं 30 लाख रूपये तथा सभी 9 विषयों के औसत अंको के आधार पर देश भर में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली ग्राम पंचायतों को 1.50 करोड़, 1.25 करोड़ एवं 1 करोड़ रूपये पुरस्कार के रूप में दिये जाएंगे।
इसी प्रकार पंचायत समितियों एवं जिला परिषदों के लिए भी पुरस्कार दिये जाने की व्यवस्था है। इस बार सभी ग्राम पंचायतों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। इस सम्बन्ध में मुख्य कार्यकारी अधिकारी (कार्यवाहक) जिला परिषद् अजीत सिंह सहरिया, एवं मुख्य आयोजना अधिकारी बाबू लाल बैरवा द्वारा सभी विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक स्तरीय पंचायत प्रदर्शन मूल्यांकन समिति के सदस्यों की वीडियो कान्फ्रेन्स के माध्यम से बैठक लेकर पंचायत पुरस्कारों के संबंध में निर्देशों एवं आवेदन व चयन प्रक्रिया का प्रशिक्षण शुक्रवार को प्रदान किया गया।
जन योजना अभियान 2022 – 02 अक्टूबर 2022 से 31 जनवरी 2023:-
ग्राम पंचायत विकास योजना (जी.पी.डी.पी.) के लिए प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी अभियान 2022- 02 अक्टूबर 2022 से 31 जनवरी 2023 तक चलाया जाएगा। इसमें प्रत्येक ग्राम पंचायत में शिविर आयोजित कर संविधान की 11वी. अनुसूची में उल्लेखित 29 विषयों से संबंधित सभी विभागों के अधिकारी भाग लेंगे।
मुख्य आयोजना अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में ग्राम पंचायत अनुसार कार्यक्रम पंचायत समिति स्तर पर तैयार किया जा रहा है। जिले की सभी 7 पंचायत समितियों की 226 ग्राम पंचायतों में ये शिविर आयोजित कर ग्राम सभाओं के माध्यम से स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप ग्राम पंचायत की योजनाएं बनाई जाएंगी।