दिगम्बर जैन समाज ने किया आचार्य महाश्रमण का भव्य स्वागत

दिगम्बर जैन समाज ने किया आचार्य महाश्रमण का भव्य स्वागत
सवाई माधोपुर 13 दिसम्बर। जिला मुख्यालय पर आलनपुर स्थित श्रीदिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र श्रीचमत्कार जी मन्दिर में दिगम्बर जैन समाज की ओर जैन श्वेतांबर तेरापंथ धर्म संघ के अहिंसा यात्रा प्रणेता आचार्य महाश्रमणजी का ससंघ भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान आचार्य महाश्रमण के साथ ही दिगम्बर जैनाचार्य विद्यासागरजी के शिष्य क्षुल्लक नयसागरजी भी मंचासीन हुए। चमत्कारजी की पावन धरा पर सर्वधर्म सद्भाव की मिसाल पेश कर श्वेतांबर व दिगम्बर जैन संत एक ही मंच पर मंचासीन हुए तो दृश्य और भी अद्भुत हो गया।
चमत्कारजी प्रबंध समिति के संयोजन में महाश्रमणजी के सम्मान में मंदिर के प्रवेश द्वार पर होर्डिंग्स लगाए गए, रंगोली सजाई गई, सौभाग्यवती महिलाओं ने मंगल स्वरूप सिर पर कलश धारण किए। वहीं चमत्कारजी जयघोष की महिला वादकों ने संगीत के साथ आचार्य महाश्रमण का ससंघ स्वागत किया।
चमत्कारजी मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष नरेश बज, महामंत्री महावीर बज, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पांड्या, सदस्य मोहनलाल कासलीवाल आचार्य महाश्रमणजी के संघ को सम्मान के साथ मंच पर लेकर पहुंचे।
इस अवसर पर आचार्य महाश्रमणजी ने सारगर्भित शब्दों मे उद्बोधन दिया और भगवान रिषभदेव से लेकर महावीर तक के चैबीसों भगवानों के उपदेशों के महत्व को समझ व उनका अनुसरण कर अपने जीवन को धन्य बनाने का संदेश दिया। इसी क्रम में क्षुल्लक नयसागर सागरजी ने संतो के मिलन को मंगल बताया।
आचार्य महाश्रमणजी ने अपने मुखारविंद से मंगलीक सुनाई और सभी को मंगल आशीर्वाद प्रदान किया। इस दौरान सकल दिगम्बर जैन समाज के विभिन्न संगठनों के गणमान्य महिला-पुरुष मौजूद थे।