Sawai Madhopur : भारतीय वायु सेना में वायु सैनिक भर्ती प्रक्रिया की छात्रों को दी जानकारी

Sawai Madhopur : भारतीय वायु सेना में वायु सैनिक भर्ती प्रक्रिया की छात्रों को दी जानकारी
सवाई माधोपुर, 22 फरवरी। भारतीय वायु सेना के नंबर 5 वायु सैनिक चयन केंद्र जोधपुर से आए हुए अधिकारियों की टीम द्वारा जिला प्रशासन एवं रोजगार कार्यालय के सहयोग से वायु सैनिक के पदों पर भर्ती के लिये विद्यालयी छात्रों के बीच जाकर प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान छात्रों को भारतीय वायु सेना में वायुसैनिक के रूप में देश सेवा के साथ-साथ उज्जवल भविष्य बनाने की जानकारी दी गई।
भारतीय वायु सेना के अधिकारियों ने सोमवार को केन्द्रीय विद्यालय ठींगला, महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश स्कूल साहूनगर, रा.उ.मा.विद्यालय शहर, स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल सूरवाल में वायु सेना के अधिकारियों से छात्रों ने उत्सुकता से पूछे गये सवाल का अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब दिया गया।
इसी प्रकार मंलगवार को रा.उ.मा.वि. चौथ का बरवाड़ा, रा.उ.मा.वि. कुस्तला एवं रा.उ.मा.वि. रवांजना चौड़ में भी छात्रों को भारतीय वायु सेना के संबंध में जानकारी दी गई। इस दौरान छात्रों का भारतीय वायु सेना में भर्ती प्रक्रिया के प्रति रूझान दिखाई दिया।
यह भर्ती दो कैटेगरी ग्रुप एक्स एवं ग्रुप वाय हेतु आयोजित होती है एवं योग्यता 10$2 की शिक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। इसके साथ ही 10$2 में अंग्रेजी में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है। आयु सीमा 17 वर्ष से 21 वर्ष है। ग्रुप एक्स में साइंस संकाय (फिजिक्स, केमेस्ट्री, गणित) के विद्यार्थी पात्र हैं एवं ग्रुप वाय में अन्य समस्त संकाय कलां, विज्ञान एवं वाणिज्य के विद्यार्थी पात्र हैं। इस भर्ती के लिये आवेदन के पश्चात अभ्यर्थी को लिखित परीक्षा, शरिरिक्त दक्षता परीक्षा और चिकित्सा परीक्षा आदि से गुजरना होता है। ग्रुप एक्स में तकनीक कार्य एवं ग्रुप वाय में अन्य प्रशासनिक कार्यों हेतु कार्मिकों का चयन किया जाता है। इस भर्ती का वर्ष में दो बार जनवरी एवं जुलाई में नोटिफिकेशन जारी होता है। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्पूर्ण चयन प्रक्रिया की जानकारी भारतीय वायु सेना की वेबसाईट www.airmenselection.cdac.in से प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान भारतीय वायु सेना की टीम के अधिकारी वारन्ट अफसर एम.के. सिंह, एसटीओ बीएल मीणा, कॉरपोरल सजीष के.पी., सहायक भगोरन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसी प्रकार 23 फरवरी को भारतीय वायु सेना की टीम द्वारा रा.उ.मा.वि. गंगापुर सिटी, स्वामी विवेकानन्द मॉडल स्कूल डिबस्या गंगापुर सिटी एवं जवाहर नवोदय विद्यालय जाट बडौदा में विद्यार्थियों से संवाद कर वायु सैनिक भर्ती की जानकारी प्रदान की जायेगी।