ट्रेन में परोसा घटिया खाना, यात्रियों को हुई उल्टियां, मुसाफिरों ने किया हंगामा

डिलक्स ट्रेन में परोसा घटिया खाना, यात्रियों को हुई उल्टियां, मुसाफिरों ने किया हंगामा, रोक के बावजूद पेंट्रीकार में बन रहा था खाना-गंगापुर सिटी
 डिलक्स ट्रेन में मंगलवार रात को यात्रियों को घटिया खाना परोसने का मामला सामना आया है। घटिया खाना खाने से कई यात्रियों की तबीयत खराब हो गई। कई यात्रियों ने उल्टी कर दी। कई यात्रियों ने पेट खराब होने और जी मचलने की शिकायत की। एक चार साल के बच्चे को भी उल्टियां हो गर्इं। कई यात्रियों ने खाना नहीं खाया। धटिया खाना देने पर यात्रियों ने ट्रेन में हंगामा कर दिया। रोक के बावजूद ट्रेन में खाना पकाया जा रहा था। यात्रियों की शिकायत पर रेलवे मामले की जांच कर रही है।
ट्रेन में सफर कर रहे सूरत निवासी ललित अग्रवाल ने बताया कि वह अमृतसर-मुंबई डिलक्स पश्चिम एक्सप्रेस में मथुरा से सवार हुए थे। रात को बयाना के बाद पेंट्रीकार कार वालों ने ए-1 से लेकर बी-4 कोच के यात्रियों को खाना परोसा। खाना खाते ही 300 से अधिक यात्रियों की तबीयत खराब हो गई। कई यात्रियों ने उल्टी कर दी। कई यात्रियों ने जी मचलने और पेट खराब होने की शिकायत की।
ललित ने बताया कि यात्रियों को आलू-गोभी की बासी सब्जी, कच्ची रोटी और बदबूदार चावल परोसों गए थे। घटिया खाना मिलने पर यात्रियों ने चलती ट्रेन में हंगामा कर दिया। कई यात्रियों ने मामले की शिकायत रेल अधिकारियों से कर दी। यात्रियों की शिकायत पर रास्ते के स्टेशन से सवार हुए एक केटरिंग निरीक्षक ने पेंट्रीकार मैनेजर से पूछताछ भी की है।
बाद में बदला खाना 
हंगामे बाद पेंट्रीकार वाले ने यात्रियों को रेडी टू ईट भोजन परोसा। हालांकि पेंट्रीकार वाले ने इसके लिए भी यात्रियों से करीब सौ रुपए वसूल लिए। इससे पहले के खाने के पेंट्रीकार वाले ने एक खाने के 130 रुपए वसूले थे। पेंट्रीकार वाले ने घटिया खाने के पैसे भी यात्रियों ने नहीं लौटाए।
रोक के बावजूद पेंट्रीकार में बन रहा था खाना
यात्रियों ने बताया कि रेलवे में पेंट्रीकार में खाना बनाने और रास्ते के स्टेशनों से भी खाना चढ़ाने पर  पूरी तरह रोक लगा रखी है। पेंट्रीकार वालों को सिर्फ रेडी टू ईट भोजन देने की इजाजत है। रोक के बावजूद भी पेंट्रीकार वाले यात्रियों को खाना परोस रहे हैं। कुछ पेंट्रीकार वाले रास्ते के स्टेशनों से भी खाना चढ़ा रहे हैंl