 
        
        
जोधपुर/जयपुर, राजस्थान: राजस्थान में रेल संपर्कों के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, रेलवे ने मारवाड़ जंक्शन से देवगढ़ मदारिया (वाया टोडगढ़ - रावली) को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए नई लाइन के फ़ाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को मंज़ूरी दे दी है। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव की पहल पर यह कार्य स्वीकृत किया गया है।
जोधपुर रेल मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि इस 72 किलोमीटर लंबी नई लाइन के सर्वे कार्य के लिए ₹11.75 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।
यह प्रस्तावित रेल लाइन राजसमंद, उदयपुर, पाली और आसपास के क्षेत्रों को सीधे रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। यह मार्ग विशेष रूप से देवगढ़ मदारिया और टोडगढ़ जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगा, जो अब तक सीमित परिवहन साधनों पर निर्भर थे।
पर्यटन सुगमता: टोडगढ़ और देवगढ़ जैसे ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक रेल मार्ग से पहुंच सुगम हो जाएगी।
व्यापारिक संपर्क: क्षेत्र का अहमदाबाद और जयपुर के मध्य भी सीधा संपर्क स्थापित होगा, जिससे व्यापार, कृषि और स्थानीय उद्योगों के लिए नए और बेहतर परिवहन का विकल्प उपलब्ध होगा।
राष्ट्रीय कनेक्टिविटी: इन कार्यों के पूरे होने से क्षेत्र का जयपुर, दिल्ली, उदयपुर, अहमदाबाद, मुंबई सहित देश के प्रमुख शहरों से सीधा संपर्क स्थापित हो जाएगा।
डीआरएम ने बताया कि नाथद्वारा-देवगढ़ मदारिया के बीच 82 किलोमीटर लंबी रेल लाइन का ₹969 करोड़ की लागत के साथ गेज परिवर्तन कार्य पहले से ही प्रगति पर है।
मारवाड़ जंक्शन-देवगढ़ मदारिया (वाया टोडगढ़ - रावली) नई लाइन के लिए फ़ाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) पूरा होने के बाद, परियोजना की वित्तीय और तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इसके बाद कार्य को रेलवे बोर्ड की स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा। रेलवे द्वारा विभिन्न क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए तेजी से कार्य किए जा रहे हैं ताकि क्षेत्रवासियों को अधिक से अधिक रेल सुविधाएँ प्राप्त हो सकें।
#रेललाइनसर्वे #देवगढ़मदारिया #मारवाड़जंक्शन #अश्विनीवैष्णव #राजस्थानरेलवे
 G News Portal
                G News Portal
            No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.