वाशिंगटन। अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप शपथ लेने के साथ ही एक्शन मोड में नजर आएंगे। उन्होंने अपने पहले दिन लगभग 100 कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करने का ऐलान किया है। इन आदेशों के जरिए ट्रंप बाइडेन प्रशासन की नीतियों को पलटने के साथ ही इमिग्रेशन, ऊर्जा नीति और संघीय सरकार के संचालन में बड़े बदलाव कर सकते हैं।
ट्रंप ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कई बड़े वादे किए थे, जिन्हें वह पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद पूरा करने की योजना बना रहे हैं। इसमें देश में अवैध प्रवासियों को निकालने, बॉर्डर बंद करने, और 'मेक्सिको में रहें' नीति को बहाल करने जैसे कदम शामिल हैं।
ट्रंप ने कहा है कि वह अपनी कलम के एक झटके से बाइडेन प्रशासन के दर्जनों आदेशों और कार्रवाइयों को रद्द कर देंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये सभी आदेश अमान्य कर दिए जाएंगे।
माना जा रहा है कि ट्रंप ड्रग कार्टेल को विदेशी आतंकवादी संगठनों के रूप में नामित करने का भी निर्णय लेंगे। इसके साथ ही वह अपने प्रशासन को राष्ट्रीय आपातकाल लागू करने और इमिग्रेशन सुरक्षा प्रोटोकॉल को फिर से स्थापित करने का निर्देश देंगे।
स्टीफन मिलर को डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ फॉर पॉलिसी का पद मिलने की संभावना है। मिलर ने रविवार को वरिष्ठ रिपब्लिकन नेताओं के साथ बैठक कर ट्रंप के कुछ संभावित आदेशों पर चर्चा की थी।
रविवार को शपथ ग्रहण से पहले आयोजित डिनर में ट्रंप ने कहा, "पदभार ग्रहण करने के कुछ ही घंटों के भीतर, मैं दर्जनों कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर करूंगा। इनमें लगभग 100 आदेश शामिल हैं। मैं इन पर कल विस्तार से चर्चा करूंगा।"
ट्रंप के इन फैसलों पर पूरी दुनिया की नजरें हैं, क्योंकि ये न केवल अमेरिका की नीतियों को बल्कि वैश्विक राजनीति को भी प्रभावित कर सकते हैं।
#DonaldTrump #USPresident #ExecutiveOrders #ImmigrationPolicy #TrumpAdministration #BidenPolicyRollback
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.