गोवा को पार कर रत्नागिरी पहुंचा चक्रवाती तूफान तौकते, केरल-कर्नाटक में मचाई तबाही
चक्रवात तौकते रविवार सुबह गोवा के समुद्री तट से टकरा गया। गोवा से टकराने के बाद अब यह तूफान महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है।मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक तूफान गोवा से रत्नागिरी पहुंच गया है। तूफान को देखते हुए गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों की सरकारें अलर्ट पर हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात तौकते ‘बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है और यह 17 मई की शाम को गुजरात तट के पास पहुंच सकता है तथा 18 मई की सुबह भावनगर जिले में महुवा और पोरबंदर से गुजरेगा।गोवा के तट पर तेज हवाओं के साथ-साथ मूसलाधार बारिश भी हो रही है। यहां कई पेड़ भी सड़क पर गिर गए हैं। भारतीय वायुसेना ने बताया कि उन्होंने अगले कुछ दिन तटीय इलाकों में कोविड-19 राहत अभियान पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया है क्योंकि खराब मौसम की वजह से बाद में इन इलाकों में अभियान प्रभावित हो सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के चक्रवात चेतावनी प्रभाग के मुताबिक, दक्षिण महाराष्ट्र-गोवा तथा इससे सटे हुए कर्नाटक के तटों पर हवा की गति 70-80 से लेकर 90 किलोमीटर प्रतिघंटे तक हो सकती है और 16 मई को उत्तर महाराष्ट्र के तटों के पास हवा की गति 40-50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को बताया, “इसके उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने और 17 (मई) की शाम तक गुजरात तट पर पहुंचने की बहुत संभावना है और यह 18 मई को तड़के पोरबंदर और (भावनगर जिले में) महुवा के बीच से राज्य के तट को पार करेगा।” आईएमडी ने कहा कि उसने गुजरात तथा दमन एवं दीव के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.