एक बार सीटी स्कैन का मतलब 300 बार एक्सरे करवाना-डॉ. गुलेरिया।
==========
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे राहुल गांधी ने गत वर्ष भले ही देशव्यापी लॉकडाउन का विरोध किया हो, लेकिन 4 मई को ट्वीट कर राहुल गांधी ने तत्काल देशव्यापी लॉकडाउन लगाने की मांग की है। राहुल का मानना है कि अब यदि देरी की गई तो अधिक लोगों की जान जाएगी। कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए सम्पूर्ण लॉकडाउन लगाना जरूरी है। राहुल गांधी की इस मांग के बाद जाहिर है कि कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान, पंजाब और छत्तीसगढ़ के साथ साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्रियों की सहमति भी देशव्यापी लॉकडाउन पर है। अभी लॉकडाउन को लेकर राज्यों के मुख्यमंत्री अपनी अपनी ढपली बजा रहे हैं। हर राज्य के मुख्यमंत्री ने अपने नजरिए से लॉकडाउन लगाया है। इससे लॉकडाउन का प्रभावी असर नहीं हो रहा है। इधर, राज्यों के लॉकडाउन का असर नहीं हो रहा, तो उधर संक्रमित मरीजों की संख्या प्रतिदिन बढ़ रही है। संक्रमित मरीजों की संख्या एक दिन में तीन लाख के पार होना बताता है कि हालात बेहद खराब है। ऐसे में देशव्यापी लॉकडाउन की राहुल गांधी की मांग को जायज माना जा सकता है। लेकिन इसके साथ ही राहुल गांधी को लॉकडाउन का तरीका भी बताना चाहिए ताकि बाद में विरोध न करें। केन्द्र सरकार ने लॉकडाउन तो गत वर्ष मार्च, अप्रैल और मई माह में भी लगाया था, लेकिन तब राहुल गांधी ने ही देशव्यापी लॉकडाउन का विरोध किया था। कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों का कहना था कि लॉकडाउन का अधिकार राज्यों को मिलना चाहिए। राज्य अपने नजरिए से लॉकडाउन करेंगे। कोरोना की दूसरी लहर में इस बार लॉकडाउन लगाने का अधिकार राज्यों को दिया गया है। लेकिन देश के हालात सबके सामने हैं। यदि राज्यों का लॉकडाउन सफल होता तो राहुल गांधी को देशव्यापी लॉकडाउन की मांग नहीं करनी पड़ती। कोरोना संक्रमण की भयावह स्थिति को देखते हुए ही बीसीसीआई ने आईपीएल मैचों को भी 4 मई से ही रद्द कर दिया है। अब इस सीजन का कोई मैच नहीं खेला जाएगा। पूर्व में जब आईपीएल मैच रद्द करने की मांग उठी थी, तब बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने कहा था कि जिन खिलाडिय़ों को अपने देश जाना है वे चले जाए, लेकिन आईपीएल होते रहेंगे। लेकिन अब आईपीएल मैचों को रद्द करना पड़ा है।
केन्द्र सरकार विचार करे:
4 मई को सुप्रीम कोर्ट ने भी देशव्यापी लॉकडाउन पर केन्द्र सरकार को विचार करने के लिए कहा है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कोरोना संक्रमण के हालात लगातार बिगड़ रहे हैं, इसलिए देशव्यापी लॉकडाउन की जरूरत है। हालांकि अभी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और राहुल गांधी की मांग पर केन्द्र सरकार की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन यदि सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों की सहमति हुई तो देशव्यापी लॉकडाउन लगाया जा सकता है। इस मामले में पश्चिम बंगाल की निर्वतमान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राय भी महत्वपूर्ण होगी। 2 मई को परिणाम आने के बाद ममता बनर्जी 5 मई को तीसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी।
सीटी स्कैन पर डॉ. गुलेरिया की राय:
दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि बार बार सिटी स्कैन कराने से शरीर पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि एक बार सिटी स्कैन कराने का मतलब है तीन सौ बार एक्सरे करवाना। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दौर में कई चिकित्सक कई बार सिटी स्कैन रिपोर्ट मंगवाते हैं। उन्होंने कहा कि जरूरी होने पर ही मरीज का सिटी स्कैन करवाया जाए। उन्होंने संक्रमित मरीजों को भी सिटी स्कैन करवाने से बचने की सलाह दी है।