जम्मू से IED बरामद, कई जगह धमाके की थी साजिश, पाक में बैठा आका दे रहा था निर्देश
पुलवामा हमले की दूसरी बरसी पर आतंकियों की साजिश को नाकाम करते हुए सुरक्षा बलों ने जम्मू में एक बस स्टैंड के पास आज लगभग 7 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया है. इस पूरे घटनाक्रम पर जम्मू जोन के आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि अनंतनाग और जम्मू पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. हम पिछले 2-3 दिनों से हाई अलर्ट पर थे.
उन्होंने कहा, हमारे पास पहले से इनपुट था कि आतंकी पुलवामा हमले की बरसी पर किसी बड़े हमले को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. ऐसे में जांच के दौरान हमने चंडीगढ़ में पढ़ने वाले एक नर्सिंग छात्र सोहेल को गिरफ्तार किया है. लगभग 7 किलो आईईडी बरामद किया गया है. आईजी ने कहा कि पंजाब में पढ़ने वाले कुछ कश्मीरी छात्र आतंकवादियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे हैं.
सोहेल नाम का संदिग्ध युवक गिरफ्तार
जम्मू-कश्मीर पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि सोहेल नाम के संदिग्ध युवक को जम्मू से पकड़ा गया है. वह दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले का रहने वाला है. आईजी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सोहेल ने जांच के दौरान खुलासा किया है कि वह चंडीगढ़ में पढ़ता है और उसे पाकिस्तान के अल बद्र तंजीम से आईईडी प्लांट करने का मैसेज मिला था. आईईडी लगाने के लिए उसे 3-4 जगह बताई गई थी, जिसमें रघुनाथ मंदिर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और लखदाता बाजार शामिल थे. अधिकरी ने कहा कि इनमें से किसी एक जगह पर व्यक्ति को आईईडी रखना था. इससे काफी बड़ा धमाका हो सकता था जिसे जम्मू पुलिस ने नाकाम कर दिया है.
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.