श्री हरदीप सिंह पुरी ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे 11 पीएसपीबी खिलाड़ियों को सम्मानित किया

श्री हरदीप सिंह पुरी ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे 11 पीएसपीबी खिलाड़ियों को सम्मानित किया

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवास और शहरी कार्य मंत्री श्री हरदीप सिंह पुरी ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे 11 खिलाड़ियों को आज सम्मानित किया। ये खिलाड़ी पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड-पीएसपीबी के हॉकी खिलाड़ी हैं। ये सभी हॉकी खिलाड़ी पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के कर्मचारी हैं। इस अवसर पर पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस तथा श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री श्री रामेश्वर तेली भी उपस्थित थे।

 

 

 
श्री हरदीप पुरी ने अपार प्रसन्नता और हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि हॉकी खिलाड़ियों ने 41 साल के अंतराल के बाद कांस्य पदक जीतकर भारत का नाम रौशन किया। उन्होंने 18 सदस्यीय टीम का हिस्सा रहे सभी 11 खिलाड़ियों को 15-15 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की। मंत्री महोदय ने यह भी घोषणा की कि इन खिलाड़ियों को टोक्यो में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उनके संबंधित संगठन द्वारा समय से पहले पदोन्नति भी दी जाएगी।

श्री पुरी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय हॉकी के क्षेत्र में इतिहास के पुनर्लेखन का हिस्सा बना है। उन्होंने कहा कि 15 सार्वजनिक उपक्रमों के सहयोग से पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड (पीएसपीबी) लगातार खेल गतिविधियों, शिविरों और छात्रवृत्ति प्रदान करके खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने और प्रोत्साहित करने के लिए प्रयास जारी रखे हुए है। इन्हीं लगातार प्रयासों के चलते इस साल टोक्यो ओलंपिक में 6 स्पर्धाओं में पेट्रोलियम सेक्टर के 22 खिलाड़ी शामिल थे। श्री पुरी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारतीय खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहेंगे और आने वाले वर्षों में और पदक जीतकर लाते रहेंगे। उन्होंने महिला हॉकी टीम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी। मंत्री महोदय ने खिलाड़ियों को उनके प्रयासों में सरकार के पूर्ण समर्थन का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इन उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने उस भावना को फिर से जगा दिया है कि भारतीय हॉकी फिर से सक्रिय हो गई है।

श्री रामेश्वर तेली ने कहा कि हॉकी देश का लोकप्रिय खेल है और इसे गांवों, कस्बों और शहरों में खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने देश का नाम रौशन किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी वे अपने प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित करते रहेंगे।

इस अवसर पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के सचिव श्री तरुण कपूर, इंडियन ऑयल कम्पनी के मुख्य महाप्रबंधक और पेट्रोलियम खेल संवर्धन बोर्ड-पीएसपीबी के अध्यक्ष, श्री एस एम वैद्य, एचपीसीएल के मुख्य महाप्रबंधक श्री एम के सुराणा और मंत्रालय तथा तेल और गैस कंपनियों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
 
******
एमजी/एएम/एमकेएस/डीवी

G News Portal G News Portal
29 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.