Rail News Kota: भवानीमंडी आरपीएफ द्वारा मंगलवार को एक टिकट दलाल को पकडऩे का मामला सामने आया है। बाद में टिकट दलाल को जमानत पर रिहा कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि शक होने पर भवानीमंडी स्टेशन पर मध्य प्रदेश मंदसौर भैंसोदामंडी गांधी नगर निवासी सौदान मेघवाल (31) से पूछताछ की गई थी। पूछताछ के दौरान घबराया सौदान आरपीएफ के संतुष्टिपूर्ण उत्तर नहीं सका। इसके बाद जांच करने पर सौदान के पास बुधवार का हरिद्वार-मुंबई देहरादून ट्रेन (19020) का तत्काल का थर्ड एसी का तत्काल का टिकट मिला। लेकिन सौदान इस टिकट पर सफर करने वाले यात्रियों के बारे में नहीं बता सका। इसके बाद आरपीएफ ने टिकटों की कालाबाजारी के आरोप में सौदान को गिरफ्तार कर लिया। बाद में सौदान ने टिकट दलाली की बात कबूल कर ली। सौदान ने बताया कि दलाली के रुप में उसने प्रति यात्री 200 रुपए वसूल किए थे। तीन यात्रियों के इस टिकट की कीमत कुल चार हजार 380 रुपए थी।
इस कार्रवाई के दौरान आरपीएफ उपनिरीक्षक रामअवतार शर्मा, सहायक उप निरीक्षक मोरपाल मीना तथा आरक्षक अरूण कौशिक आदि जवान मौजूद थे।
अधिकारियों ने बताया कि सौदान के बारे में टिकट दलाली की पहले से सूचना मिल रही थी। इसी के चलते आरपीएफ द्वारा स्टेशन क्षेत्र में सौदान पर नजर रखी जा रही थी।