नासिक/मनमाड। महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित मनमाड रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक 30 वर्षीय युवक अचानक प्लेटफार्म पर लगे 25 हजार वोल्ट के हाई-वोल्टेज ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) पोल पर जा चढ़ा। युवक की इस जानलेवा हरकत को देखकर प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों और रेलवे स्टाफ के होश उड़ गए।
जैसे ही युवक पोल के ऊपरी हिस्से तक पहुंचा, रेलवे प्रशासन ने बड़ी अनहोनी को टालने के लिए तुरंत पूरे सेक्शन की ओएचई बिजली आपूर्ति (Power Supply) बंद कर दी। यदि समय रहते बिजली नहीं काटी जाती, तो युवक पलक झपकते ही करंट की चपेट में आकर राख हो सकता था। इस पावर ब्लॉक के कारण स्टेशन से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गईं।
मानसिक रूप से अस्थिर लग रहे इस युवक को नीचे उतारने के लिए आरपीएफ (RPF) और रेलवे के तकनीकी स्टाफ ने मोर्चा संभाला। लगभग एक घंटे तक चले कड़े संघर्ष और मान-मनौव्वल के बाद, सुरक्षाकर्मियों ने रस्सी और सीढ़ियों की मदद से युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। नीचे उतरते ही आरपीएफ ने उसे हिरासत में ले लिया और मेडिकल जांच के लिए भेजा।
पोल पर चढ़कर खतरनाक करतब दिखा रहे युवक को देख यात्रियों में दहशत फैल गई। मौके पर मौजूद कई लोगों ने इस पूरे ड्रामे का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
इस हाई-वोल्टेज ड्रामे और बिजली कटौती के कारण ट्रेनों का संचालन लगभग एक घंटे तक बाधित रहा, जिससे चिलचिलाती गर्मी में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है और मामले की जांच की जा रही है।
#ManmadRailwayStation #BreakingNews #RailwayAlert #OHELine #MaharashtraNews #RPF #RailwaySafety #ViralVideo #HighVoltageDrama #TrainDelay
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.