उपखंड अधिकारी ने भी दिए सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
करौली, 17 मई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ताउते चक्रवात के असर से दक्षिण राजस्थान में 18 मई तथा पूरे राजस्थान में 19 मई को कई स्थानों पर भारी बारिश तूफान बिजली गिरने का खतरा है। इसे देखते हुये जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग के निद्रेशानुसार उपखंड अधिकारी करौली ने ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिये।
उपखंड अधिकारी ने निर्देश दिये कि तूफान व बारिश आने की सम्भावना की सूचना को जिले के सभी आमजन तक पहुंचाया जाये। वैसे तो लॉकडाउन लगा हुआ है फिर भी आमजन को आगाह किया जाये कि 19 मई को घरों से न निकलेंए किसी पेड या बिजी लाइन के नीचे न बैठें। उन्होंने डी.क्यू.आर.टी. नागरिक सुरक्षा तथा सर्च एवं रेस्क्यू टीमों को संसाधनों के साथ सजगता और सामंजस्यता रखते हुये कार्य करने तथा ब्लॉक मुख्यालयों पर जाब्ता अलर्ट पर रखने के निर्देश दिये। उन्होंने बताया कि तूफान से बिजली के खम्बे लाइन पेड गिरने का खतरा है। कल दोपहर तक सर्वे कर क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर दें कोई पेड बिजली लाइन से टच हो रहा है तो छंटाई करवायें। उन्होने बीडीओ, तहसीलदार, थानाधिकारी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी,बी.ई.ओ. समाज कल्याण, श्रम कल्याण, रसद, आईसीडीएस, जेवीवीएनएल, जलदाय, पीडब्लूडी, कृषि, आयुर्वेद, पशुपालन एवं प्रोग्रामर राजीवसेवा केन्द्र को किसी भी परस्थिती से निपटने के लिए सतर्क रहने हेतु निर्देशित किया है। उन्होंने समस्त कार्मिकों के अवकाश को निरस्त करने हेतु भी निर्देशित किया। उन्होंने कोविड मरीजों के ईलाज हेतु निर्वाध रूप से विद्युत सप्लाई करने, प्रभावित व्यक्तियों हेतु राहत शिविरों को चिन्हिकरण कर उनमें पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं लॉकडाउन के सभी नियमों की पालना करने के भी निर्देश दिए।