बुकिंग बाबू निलंबित, पार्सल कार्यालय में भी गड़बड़ी की जांच

बुकिंग बाबू निलंबित, पार्सल कार्यालय में भी गड़बड़ी की जांच

Rail News: कोटा रेलवे स्टेशन पर विजिलेंस की छापामार कार्रवाई के बाद बुकिंग बाबू उदयवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। मामला विजिलेंस टीम को बैग चेक करने से मना करने का है। अधिकारियों ने उदयवीर सिंह के निलंबन के बाद विस्तृत रिपोर्ट और उनके जवाब का इंतजार करते हुए आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छापेमारी के दौरान मना किया बैग चेक कराने से

बुधवार को विजिलेंस ने कोटा के साधारण टिकट बुकिंग कार्यालय में अचानक छापा मारा। इस दौरान अपनी ड्यूटी समाप्त कर घर जा रहे उदयवीर सिंह ने निरीक्षकों को अपना बैग चेक कराने से इनकार कर दिया और बिना मौका दिए तुरंत घर के लिए रवाना हो गए। विजिलेंस ने मामले की जानकारी वाणिज्य अधिकारियों को दी, जिसके बाद उदयवीर सिंह के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दिया गया।

पार्सल कार्यालय में भी गड़बड़ी उजागर

विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को रेलवे के पार्सल कार्यालय की भी जांच की। जांच के दौरान एक कर्मचारी के पास निर्धारित राशि से 80 रुपये अधिक मिले। हालांकि, इस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि इस कर्मचारी की गड़बड़ियों की शिकायतें पहले भी आती रही हैं। कुछ समय पहले बाइक बुकिंग के दौरान एक वकील ने इस कर्मचारी का वीडियो बनाकर अधिकारियों को शिकायत दी थी। शिकायत पर चेतावनी जारी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारी की कार्यशैली में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है।

बाइक पैकिंग ठेकेदार पर भी नजर

विजिलेंस ने बाइक पैकिंग करने वाले ठेकेदार की भी जांच की। हाल ही में यहां पैकिंग का नया ठेका हुआ है, लेकिन ग्राहकों से निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

अधिकारियों की सख्ती

रेलवे प्रशासन ने विजिलेंस की कार्रवाई को गंभीरता से लिया है। अधिकारियों ने यात्रियों और ग्राहकों को किसी भी प्रकार की अनियमितता की शिकायत करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर रोक लगाने और रेलवे सेवाओं को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

G News Portal G News Portal
390 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.