गाय को सांप ने डसा, इलाज के अभाव में टूटा दम, सूचना के बाद भी नहीं पहुंचे निगमकर्मी
कोटा। न्यूज़. कोटा रेलवे यार्ड में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे एक गाय को सांप ने डस लिया। कर्मचारियों द्वारा इसकी सूचना तुरंत नगर निगम को कर दी गई। लेकिन सूचना के बाद भी बुधवार सुबह तक कोई भी निगमकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा। इलाज के अभाव में आखिरकार गाय ने दम तोड़ दिया।
कर्मचारियों ने बताया कि यह गाय रेल पटरियों के पास पड़ा थी। गाय के मुंह से झाग आ रहे थे। गाय को सांप के डसने की आशंका में उन्होंने तुरंत नगर निगम में फोन किया। निगम कर्मियों ने झाला नाम के एक टिपर कर्मचारी का फोन नंबर दे दिया। दो-तीन बार बात होने के बाद भी क्षाला मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में झाला ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। इसके बाद रात में गाय मर गई। कर्मचारियों ने बताया कि मामले को लेकर महापौर को भी फोन किया गया था। लेकिन महापौर ने फोन उठाना जरूरी नहीं समझा।
बच सकती थी जान
कर्मचारियों ने बताया कि अगर समय पर इलाज मिल जाता तो गाय की जान बचाई जा सकती थी। लेकिन निगम कर्मचारियों की लापरवाही के चलते एक गाय के बछड़े की मौत हो गई। अब देखना है कि निगम जिम्मेदारों के प्रति क्या कार्रवाई करती है।