गालव और मालव को करनी होगी ड्यूटी

गालव और मालव को करनी होगी ड्यूटी

कोटा। रेलवे मजदूर संघ के पदाधिकारियों ने संगठन के मान्यता चुनाव में मिली जीत के लिए डीआरएम ऑफिस पहुंचकर कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संघ ने डीआरएम मनीष तिवारी सहित अन्य अधिकारियों से भी मुलाकात की।

डीआरएम मनीष तिवारी ने इस दौरान कहा कि जब सौम्यता और सभ्यता के मार्ग पर चलने वाले लोग विजयी होते हैं, तो इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।

संघ के कोटा मंडल सचिव अब्दुल खालिक ने बताया कि हाल ही में संपन्न हुए चुनावों में रेलवे एम्पलाइज यूनियन मान्यता प्राप्त नहीं कर सकी है। इसके परिणामस्वरूप रेलवे ने यूनियन को मिलने वाली कई सुविधाओं पर रोक लगा दी है।

यूनियन को खाली करना होगा कार्यालय

अब्दुल खालिक ने बताया कि रेलवे के आदेश के अनुसार अब यूनियन को कार्यालय खाली करना होगा। इसके साथ ही यूनियन पदाधिकारियों को मिलने वाली प्रतिनियुक्ति, सीयूजी सिम और कार्ड पास की सुविधाएं भी बंद कर दी गई हैं।

गालव और मालव को लौटना होगा मूल पद पर

प्रतिनियुक्ति समाप्त होने के बाद यूनियन के महामंत्री मुकेश गालव और सहायक महामंत्री नरेश मालव को अपने मूल पद पर वापस ड्यूटी ज्वाइन करनी होगी। इसके अलावा, प्रेम कार्यालय में कार्यरत इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को भी अब अपनी मूल ड्यूटी करनी होगी।

भोपाल, जबलपुर सहित अन्य शाखाओं पर भी लागू होगा आदेश

अब्दुल खालिक ने बताया कि यह आदेश कोटा मंडल के अलावा भोपाल, जबलपुर और अन्य शाखा कार्यालयों पर भी समान रूप से लागू होगा। यूनियन पदाधिकारियों को अब आकस्मिक अवकाश की सुविधा भी नहीं मिलेगी। साथ ही शाखा पदाधिकारियों के सभी पद समाप्त कर दिए गए हैं।

रेलवे द्वारा जारी किए गए इस आदेश से यूनियन के कामकाज और संरचना पर बड़ा प्रभाव पड़ने की संभावना है।

G News Portal G News Portal
502 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.