स्वच्छ आहार दिवस के अवसर पर खानपान ट्रॉलियों, स्टालों का निरीक्षण
कोटा 28 सितम्बर। कोटा मण्डल में चल रहे स्वच्छता पखवाड़े के तेरहवें दिन मंगलवार को संपूर्ण कोटा मंडल में स्वच्छ आहार दिवस मनाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि स्वच्छता पखवाड़े के तहत मंगलवार को स्वच्छ आहार दिवस के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा एस के सिन्हा के मार्गदर्शन में चिकित्सा विभाग की टीम ने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्थित खानपान ट्रालियों, स्टालों, कैटरिंग, यूनिट्स, जन आहार केंद्रों, तथा रेलगाड़ियों की पेंट्री कार का निरीक्षण किया। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक, स्टेशन प्रबंधकों ने भी स्टेशनों पर बिकने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की। पानी की बोतलों और अन्य पैक्ड खाद्य आइटम की निर्माण तिथि, वैधता तिथि की जांच भी मेडिकल टीम द्वारा की गई। खानपान स्टालों से खाद्य सामग्री के नमूने सैंपल लिए गए।
सभी खानपान वेंडरों को समझाइश दी गई कि मास्क पहनकर रखें, हाथों को साबुन से धोते रहें और कोरोना गाइड लाइन का स्वयं भी पालन करें और यात्रियों को भी समझाएं। साथ ही खानपान स्टालों पर खाद्य सामग्री खुली ना रखें और जाली से ढक कर रखें।
स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत कल बुधवार को स्वच्छ प्रतियोगिता दिवस मनाया जाएगा। कोरोना काल को देखते हुए स्वच्छ प्रतियोगिता ऑनलाइन रखी गई है। इसके अंतर्गत स्वच्छता के प्रति जागरूकता लाने के लिए बच्चों द्वारा पेंटिंग की जाएगी और स्लोगन तथा नारे लेखन प्रतियोगिता कराई जाएगी। स्वच्छता संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।