चलती ट्रेन में चढ़ने समय पटरी पर गिरा यात्री, मौत
कोटा। न्यूज़. कोटा स्टेशन पर बुधवार को चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक यात्री पटरी पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल यात्री को एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां यात्री की मौत हो गई। जीआरपी द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यात्री का नाम चंद्रप्रकाश (38) पुत्र अशोक है। चंद्रप्रकाश इंदौर-जोधपुर इंटरसिटी में सफर कर रहा था। कोटा स्टेशन पर ठहराव के समय चंद्रप्रकाश ट्रेन से उतर गया। कुछ देर बाद ट्रेन कोटा से रवाना होने लगी। हड़बड़ाहट में चंद्रप्रकाश ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इसी दौरान कोच के हैंडल से हाथ फिसलने पर चंद्रप्रकाश ट्रेन के नीचे पटरी जा गिरा। यह नजारा देख रहे गार्ड ने तुरंत ब्रेक लगा कर गाड़ी को रोका। यात्रियों ने भी तब तक ट्रेन की चेन खींच दी थी। रफ्तार कम होने पर ट्रेन तुरंत खड़ी हो गई। इसके बाद स्टेशन स्टाफ ने यात्रियों की मदद से चंद्र प्रकाश को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला। चंद्रप्रकाश के हाथ-पांव सही सलामत थे। शरीर पर कहीं भी गंभीर चोट नजर नहीं आ रही थी। चंद्र प्रकाश की नाक से खून बह रहा था। स्टेशन पर कौरोना जांच के लिए मौजूद मेडिकल टीम द्वारा चंद्रप्रकाश का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद अंदरूनी चोट की आशंका के चलते चंद्रप्रकाश को तुरंत 108 एंबुलेंस से एमबीएस अस्पताल भेज दिया गया। यहां शाम को चंद्रप्रकाश की मौत हो गई।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने पर गुरुवार को चंद्रप्रकाश का पोस्टमार्टम किया जाएगा।