डीआरएम में किया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण, रेल मंत्री की तैयारियों का लिया जायजा
कोटा। मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पंकज शर्मा ने गुरुवार को स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शर्मा ने रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव के संभावित आगमन को देखते हुए तैयारियों का जायजा लिया। करीब साढे तीन घंटे निरीक्षण के दौरान शर्मा ने व्यवस्थाओं पर अपनी नाराजगी जताते हुए कमियों को ठीक करने के विशेष निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शर्मा सफाई व्यवस्था, पटरियों पर उगी घास, बारिश में जगह-जगह से टपकता शेड, दफ्तरों और विज्ञापन के गंदे बोर्ड, शौचालयों में टपकते नल, जगह-जगह से टूटे कोटा स्टोन फर्श और टाइल्स, बदरंग पेंटिंग, खराब रंगाई-पुताई, टूटे फर्नीचर, कई जगह रखा कबाड़ तथा जगह-जगह लटकते बिजली के तार और सीलन से शर्मा खुश नजर नहीं आए। शर्मा ने मौके पर ही अधिकारियों को सभी कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था से नाखुश शर्मा ने स्वास्थ्य निरीक्षकों को डांट भी लगाई। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज जैन भी स्टेशन का निरीक्षण किया था।
इसी महीने आ सकते हैं रेल मंत्री
उल्लेखनीय है कि रेल मंत्री के इसी महीने आने के कयास लगाए जा रहे हैं। रेल मंत्री यहां सोगरिया स्टेशन का उद्घाटन कर मेमू ट्रेन को भी हरी झंडी दिखा सकते हैं। इसके अलावा मंत्री डकनिया और कोटा स्टेशन का भी निरीक्षण कर सकते हैं।