कोटा-डकनिया के बीच रेलवे अंडर ब्रिज धंसा, यूआईटी कर रही निर्माण
कोटा। भारी बारिश के चलते मंगलवार रात कोटा- डकनिया स्टेशन के बीच निर्माणाधीन रेलवे अंडर ब्रिज के दोनों तरफ की मिट्टी बह गई। इसके चलते अंडर ब्रिज धंस गया। अंडर ब्रिज धंसने से पटरिया कुछ बैठ गई। सूचना मिलने पर ट्रेनों को रोका गया। बाद में ट्रैक का निरीक्षण कर धीमी रफ्तार से ट्रेनों को निकाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह अंडर ब्रिज की मरम्मत का काम शुरू किया गया। मालगाड़ी में भरकर गिट्टी और पत्थर मौके पर पहुंचाए गए। इसके बाद नीचे पत्थर और गिट्टी भरकर पटरियों को ऊपर उठाय गया। इस काम के चलते यहां पर दिन भर गाड़ियों को रोक-रोक कर धीमी रफ्तार से निकाला गया।
इसी ब्रिज पर हुई थी ट्रैकमैन की मौत
उल्लेखनीय है कि यह वही अंडर ब्रिज है जहां करीब 2 महीने पहले के ट्रैकमैन वसीम खान की मौत हुई थी। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई की बात सामने नहीं आई है।
बारिश के नाम पर फिलहाल इस पुल का काम बंद कर रखा है। इस पुल पर लगाई गर्डरों को बाहर निकाल कर रखा हुआ है। इस पुल का निर्माण नगर विकास न्यास द्वारा कराया जा रहा है। रेलवे द्वारा संरक्षा संबंधी काम देखा जा रहा है।