कोटा स्टेशन पर बहे झरने, रेलवे ने शुरू की नई सुविधा

कोटा स्टेशन पर बहे झरने, रेलवे ने शुरू की नई सुविधा

कोटा स्टेशन पर बहे झरने, रेलवे ने शुरू की नई सुविधा
कोटा। झरने का आनंद लेने के लिए यात्रियों को अब अपना समय और पैसा खर्च कर दूरदराज हिल स्टेशनों पर जाने की जरूरत नहीं है। रेलवे ने कोटा स्टेशन पर ही यात्रियों के लिए यह नई सुविधा उपलब्ध करा दी है। कहीं आने-जाने के दौरान ही यात्री इस नई सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। इससे यात्रियों के किमती समय और धन की बचत होगी।
मुसाफिरों ने बताया कि यात्री चाहे तो इस झरने में नहाने का आनंद भी उठा सकते हैं। इसके लिए यात्रियों को बस अपने कपड़े साथ लाने होंगे। हालांकि रेलवे द्वारा अभी इस नई सुविधा के पैसे तय नहीं किए हैं। क्योंकि रेलवे ने इस सुविधा के लिए अलग से पैसे खर्च नहीं किए हैं, ऐसे में माना जा रहा है कि यात्रियों को यह सुविधा टिकट किराया में ही मिलेगी। यानी कि मुफ्त।
रात में शुरू हुई सुविधा
मुसाफिरों ने बताया कि रेलवे ने शुक्रवार को ही इस नई सुविधा की शुरुआत की है। अपने काम में कर्मठ रेलवे ने इस नेक काम के लिए सुबह होने का भी इंतजार नहीं किया। तेज बारिश के साथ ही रात ठीक 10:43 बजे रेलवे ने यह सुविधा लांच कर दी। लांचिंग के साथ ही मौके पर पहुंची ट्रेन के यात्री इस सुविधा का लाभ उठाते नजर आए। इस सुविधा का लाभ उठाने वाले यात्री रेलवे को शिद्दत से याद कर रहे थे।
प्रचार से दूर रही रेलवे
मुसाफिरों ने बताया कि वैसे तो रेलवे यात्री सुविधाओं का प्रचार- प्रसार करने में कोई कसर नहीं छोड़ती। टि्वटर इस बात का गवाह भी है। यह अलग बात है कि लाख तलाशने के बाद यात्रियों को इन सुविधाओं के दर्शन तक नहीं हों। इस काम में रेलवे इतनी तेज है कि कई बार तो उपलब्ध नहीं होने वाली सुविधा तक का प्रचार कर देती है।
लेकिन इस महत्वपूर्ण सुविधा के प्रचार-प्रसार में रेलवे ने कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। रात में यह सुविधा शुरू करने का कारण भी यही माना जा रहा है।
लेकिन हमारे संवाददाता जैसे-तैसे कर इस सुविधा के शुरु होने के अनमोल फोटो अपने पाठकों के लिए ले ही आए।
सभी प्लेटफार्म पर मिलेगी सुविधा
मुसाफिरों ने बताया कि कोटा स्टेशन पर यात्रियों को अब तक केवल पानी टपकने और बहते देखने की सुविधा थी। यात्रियों द्वारा रेलवे से इसका ध्यान बराबर दिलाया जा रहा था।
इससे उत्साहित रेलवे ने झरने की यह नई सुविधा शुरू की है। मुसाफिरों ने बताया कि इस सुविधा के लिए रेलवे ने किसी भी प्लेटफार्म के यात्रियों के साथ भेदभाव नहीं किया है। यह सुविधा एक-दो नहीं बल्कि सभी प्लेटफार्म पर समान रुप से एक साथ शुरू की है। इससे सभी प्लेटफार्म के यात्रियों को इस सुविधा का समान रूप से लाभ उठाने का मौका मिल सकेगा।

G News Portal G News Portal
28 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.