मुख्यमंत्री ने लगवाया कोविड का टीका

मुख्यमंत्री ने लगवाया कोविड का टीका

मुख्यमंत्री ने लगवाया कोविड का टीका
देश का 25 प्रतिशत टीकाकरण अकेले राजस्थान में
जयपुर, 5 मार्च। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के आईडीएच सेंटर पहुंचकर कोविड-19 वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। मुख्यमंत्री के साथ चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने भी टीका लगवाया।
वैक्सीनेशन के बाद श्री गहलोत ने अस्पताल में कोविड क्रिटिकल केयर यूनिट का दौरा कर वहां इन्फेक्शियस आईसीयू, एडवांस आइसोलेशन केयर यूनिट और लैब आदि का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद चिकित्साकर्मियों, नर्सिंगकर्मियों एवं अन्य स्टाफ की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में आपने अपनी जान जोखिम में डालकर प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा का जो फर्ज निभाया है वह सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार के कुशल प्रबंधन से प्रदेश में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है। वैक्सीनेशन से कोरोना संक्रमण की रोकथाम का काम और मजबूती से हो सकेगा। उन्होंने कहा कि कोविड का टीका पूरी तरह सुरक्षित और कारगर है। अब तक हुए टीकाकरण में ऎसा कोई प्रकरण सामने नहीं आया है, जिसमें टीकाकरण के कारण कोई गंभीर दुष्प्रभाव देखने को मिला हो। श्री गहलोत ने कहा कि राजस्थान ने जिस सफलता के साथ कोरोना का प्रबंधन किया, उसी उत्साह और सभी वर्गाें की भागीदारी से टीकाकरण अभियान भी कामयाबी से संचालित हो रहा है। राज्य में प्रतिदिन दो से सवा दो लाख लोगों को वैक्सीन लग रही है। देश का करीब 25 प्रतिशत टीकाकरण अकेले राजस्थान में हो रहा है।
श्री गहलोत ने अपील की है कि टीकाकरण अभियान के शत-प्रतिशत लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी लोग आगे बढ़कर टीका लगवाएं। तीसरे चरण के तहत 60 वर्ष और इससे अधिक आयु तथा 45 वर्ष से अधिक के को-मोर्बिड व्यक्ति टीकाकरण अवश्य कराएं। यह आपकी और हम सबकी सुरक्षा के लिए जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत दिनों में कुछ राज्यों में कोरोना के मामले फिर तेजी से बढ़े हैं। ऎसे में हमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी है। कोरोना को लेकर सजगता और सतर्कता के साथ रहना होगा। असावधानी के कारण हम कोरोना की जीती हुई जंग नहीं हार जाएं इसके लिए हमें मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग रखने सहित अन्य प्रोटोकॉल की निरंतर पालना करनी चाहिए।
चिकित्सा मंत्री डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि चिकित्सा विभाग प्रदेश को टीकाकरण में अग्रणी बनाए रखने के लिए संकल्पित भाव से काम कर रहा है। इस अवसर पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सचिव श्री सिद्धार्थ महाजन, सूचना एवं जनसम्पर्क आयुक्त श्री महेन्द्र सोनी, जिला कलक्टर श्री अंतर सिंह नेहरा एवं एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर भंडारी भी उपस्थित थे।

G News Portal G News Portal
27 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.