विधानसभा में शोकाभिव्यक्ति
जयपुर, 17 मार्च। विधानसभा में बुधवार को राजस्थान विधानसभा के पूर्व सदस्य श्री रामलाल सोलंकी के निधन पर संवेदना व्यक्त करते हुये श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान सभी सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने एवं उनके परिजनों को इस बिछोह को सहन करने के लिए शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने शोक प्रस्ताव रखते हुए दिवंगत श्री रामलाल सोलंकी द्वारा राजनीतिक, सामाजिक एवं अन्य क्षेत्रों में दी गई सेवाओं की सराहना की। डॉ. जोशी ने पूर्व सदस्य श्री सोलंकी द्वारा निभाई गई जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वे आठवीं राजस्थान विधानसभा में सिरोही निर्वाचन क्षेत्र से विधायक रहे। इस दौरान वे विशेषाधिकार समिति एवं अधीनस्थ विधान संबंधी समिति के सदस्य भी रहे। कृषकों की दशा सुधार के लिए प्रयासरत रहे स्वर्गीय श्री सोलंकी भूमि विकास बैंक, सिरोही के अध्यक्ष भी रहे। उनका निधन 16 मार्च 2021 को हो गया।