सवाईमाधोपुर : सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुरसिटी में ठगी का एक बेहद अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कुछ ठगों ने एक व्यक्ति को 'आठ पैरों वाला कछुआ' दिखाकर उससे 3 लाख रुपये ठग लिए। वजीरपुर पुलिस ने कई दिनों की मशक्कत और सीसीटीवी कैमरों की मदद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने पीसी रिमांड पर लिया है।
वजीरपुर थाना प्रभारी टीनू सोगरवाल ने बताया कि करीब एक पखवाड़े पहले कुछ लोग एक कछुए को लेकर गांव में घूम रहे थे। इसी दौरान, बड़ौली का पुरा निवासी लोहड़ेलाल पुत्र मीठया लाल बैरवा उनके संपर्क में आए। आरोपियों ने लोहड़ेलाल को झांसा दिया कि उनके पास 'आठ पैरों वाला कछुआ' है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 70 लाख रुपये है। उन्होंने लोहड़ेलाल से कहा कि यह कछुआ 7 लाख रुपये में मिल जाएगा, जिसमें से 4 लाख रुपये का इंतजाम तो हो गया है, बस 3 लाख रुपये की और ज़रूरत है।
इस बहकावे में आकर लोहड़ेलाल ने 3 लाख रुपये का इंतजाम कर लिया। इस पर आरोपी उसे बाइक पर बैठाकर गंगापुरसिटी ले आए। वहां उन्होंने एक कार में बैठे लोगों के हाथ में कथित 'आठ पैर वाला कछुआ' दिखाया। पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए, आरोपियों ने दूसरी कार से एक फर्जी चिकित्सक को भी बुला लिया। इस नकली डॉक्टर ने कछुए को 'स्वस्थ' और 'आठ पैरों वाला' बताकर पीड़ित को पूरी तरह गुमराह कर दिया।
इस झांसे में आकर लोहड़ेलाल अपने पुत्र के साथ आरोपियों की कार में बैठ गए। आरोपी उन्हें पिपलाई की तरफ ले गए, जहां रास्ते में दोनों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल छीन लिए और उन्हें भगा दिया। इसके बाद पीड़ित ने वजीरपुर थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने इस पूरे ऑपरेशन को 'कछुआ' नाम दिया है।
पुलिस अब अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और उम्मीद है कि जल्द ही इस ठगी के गिरोह का पर्दाफाश हो पाएगा।
#सवाईमाधोपुर #गंगापुरसिटी #ठगी #अनोखीठगी #आठपैरोंवालाकछुआ #पुलिसगिरफ्तारी #वजीरपुरपुलिस #धोखाधड़ी #अपराध
No comments yet. Be the first to comment!
Please Login to comment.
© G News Portal. All Rights Reserved.