दिनदहाड़े 90 लाख के सोने की लूट, भरे बाजार ज्वेलर्स के मुनीम को बनाया निशाना

दिनदहाड़े 90 लाख के सोने की लूट, भरे बाजार ज्वेलर्स के मुनीम को बनाया निशाना

कोटा। कोटा के कैथूनीपोल थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े करीब 90 लाख रुपये मूल्य का सोना लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यह वारदात भरे बाजार में सड़क पर एक ज्वेलर्स के मुनीम के साथ होना बताई जा रही है। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत पूरे शहर की नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है। लूटे गए सोने का वजन लगभग 900 ग्राम बताया जा रहा है।

होलसेल व्यापार महासंघ संभाग अध्यक्ष पंकज बागड़ी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इंदिरा मार्केट स्थित कमल ज्वेलर्स की दुकान पर शाम करीब 6 बजे एक युवक-युवती आभूषण खरीदने पहुंचे थे। उन्होंने कुछ कड़े और अंगूठी आदि की मांग की। उनकी पसंद का सामान दुकान पर उपलब्ध न होने पर दुकान मालिक कमल ने अपने कर्मचारी महेंद्र से स्वर्ण-रजत मार्केट स्थित अपनी दूसरी दुकान से और आभूषण मंगवाए। यह आभूषण युवक-युवती को पसंद आ गए। इसके बाद दोनों युवक-युवती ने दुकान मालिक को 5 हजार रुपये देते हुए कहा कि वे ये आभूषण अगले दिन ले जाएंगे। इसके बाद दोनों स्कूटी पर बैठकर दुकान से चले गए। कुछ देर बाद महेंद्र भी अपनी स्कूटी पर आभूषणों को दूसरी दुकान पर रखने के लिए रवाना हो गया।

पांच बदमाशों ने लूटे जेवर

घटना के बाद महेंद्र ने बताया कि रास्ते में साइमन प्लाजा से आगे डिज्नीलैंड के पास स्प्लेंडर सवार पांच बदमाशों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मारकर उसे नीचे गिरा दिया। इसके बाद ये पांचों उससे झगड़ा करने लगे। झगड़ा होता देखकर कुछ लोग और दुकानदार मौके पर पहुंचने लगे। इतने में एक बदमाश उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गया। इस स्कूटी में ही ज्वेलरी भरा बैग रखा हुआ था। इसके बाद बाकी आरोपी भी घटनास्थल से फरार हो गए। बाद में महेंद्र ने मालिक को सूचना देकर कैथूनीपोल थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज करवाई।

बिना नंबरी थी स्कूटी, सोची-समझी साजिश का अंदेशा

बाद में दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि जिस स्कूटी पर युवक-युवती आए थे, उस पर नंबर नहीं थे। इससे लग रहा है कि इस पूरी घटना को बहुत सोच समझकर अंजाम दिया गया है। थाना पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है और जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।

#कोटा #कोटापुलिस #सोनालूट #अपराध #राजस्थान #कैथूनीपोल #लूटपाट #CrimeNews #Kota #RajasthanCrime #GoldRobbery

G News Portal G News Portal
884 0

0 Comments

No comments yet. Be the first to comment!

Leave a comment

Please Login to comment.

© G News Portal. All Rights Reserved.